रणजी ट्रॉफी 2024: पांडिचेरी ने दिल्ली को हराकर किया उलटफेर, जानिए पहले दौर के प्रमुख परिणाम
क्या है खबर?
इस समय खेली जा रही रणजी ट्रॉफी के पहले दौर के मुकाबले समाप्त हो चुके हैं।
चौथे और आखिरी दिन कुछ बल्लेबाजों ने दमदार शतक लगाए, जबकि गेंदबाजी में भी उम्दा प्रदर्शन देखने को मिले।
इस बीच कुछ टीमों ने यादगार जीत दर्ज की। इसी क्रम में पांडिचेरी क्रिकेट टीम ने एलीट ग्रुप-D के मुकाबले में दिल्ली क्रिकेट टीम को हराते हुए बड़ा उलटफेर किया।
पहले दौर के प्रमुख परिणामों और प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
पांडिचेरी
पांडिचेरी ने दिल्ली को 9 विकेट से हराया
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम 148 रन पर सिमट गई थी।
पांडिचेरी से गौरव यादव ने 7 विकेट लेते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। जवाब में पांडिचेरी ने संतोष रत्नपारखे (60) की पारी की बदौलत 244 रन बनाते हुए बढ़त हासिल की।
पहली पारी के आधार पर 96 रन से पिछड़ने वाली दिल्ली अपनी दूसरी पारी में 145 रन ही बना सकी। जवाब में पांडिचेरी ने 9 विकेट से जीत दर्ज की।
पांडिचेरी
पांडिचेरी के गौरव यादव ने मैच में लिए कुल 10 विकेट
पांडिचेरी की जीत में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गौरव का अहम योगदान रहा। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट चटकाए।
दिल्ली की पहली पारी के दौरान गौरव ने 26.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 49 रन देते हुए 7 विकेट लिए। उन्होंने विपक्षी कप्तान यश ढुल (2) को भी अपना शिकार बनाया।
दूसरी पारी के दौरान गौरव ने 16.4 ओवर में 49 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
मुंबई
मुंबई ने पारी और 51 रन से बिहार को दी शिकस्त
एलीट ग्रुप-B में मुंबई ने बिहार को पारी और 51 रन से करारी शिकस्त दी।
पटना के मोइन-उल-हक स्टेडियम में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 251 रन बनाए।
जवाब में बिहार के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम महज 100 रन पर सिमट गई। मुंबई से मोहित अवस्थी ने 6 विकेट अपने नाम किए।
फॉलो-ऑन खेलने पर मजबूर बिहार अपनी दूसरी पारी में भी 100 रन पर ढेर हो गई।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ ने असम को हराया
एलीट ग्रुप-B के अन्य मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने असम को 10 विकेट से हराया।
इस मुकाबले में छतीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अमनदीप खरे (116) के शतक की मदद से 327 रन बनाए।
जवाब में असम की पहली पारी महज 159 रन पर ही सिमट गई।
फॉलो-ऑन खेलते हुए असम ने अपनी दूसरी पारी में 254 रन बनाए। छोटे से लक्ष्य को छत्तीसगढ़ ने आसानी से हासिल किया।
असम के कप्तान रियान पराग ने दूसरी पारी में शतक लगाया।
कर्नाटक
मनीष पांडे और देवदत्त पडिक्कल के शतकों की बदौलत जीता कर्नाटक
एलीट ग्रुप-C में कर्नाटक ने पंजाब को 7 विकेट से हराया। हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में पंजाब की टीम अपनी पहली पारी में 152 रन ही बना सकी थी।
जवाब में कर्नाटक ने देवदत्त पडिक्कल (193) और मनीष पांडे (118) के शतकों की मदद से अपनी पारी 514/8 के स्कोर पर घोषित की।
दूसरी पारी में पंजाब ने 413 रन बनाकर कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन आसानी से लक्ष्य को कर्नाटक ने हासिल कर लिया।
पुजारा
पुजारा के दोहरे शतक के बावजूद ड्रॉ रहा मुकाबला
सौराष्ट्र के खिलाफ झारखंड अपनी पहली पारी में महज 142 रन पर ही सिमट गई थी।
जवाब में चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद 243 रन बनाए और उनकी टीम ने 578/4 के स्कोर पर पारी घोषित की।
पहली पारी के आधार पर पिछड़ने वाली झारखंड की टीम ने अपनी दूसरी पारी में उम्दा बल्लेबाजी की।
कुमार सूरज (113) ने नाबाद शतक लगाया और कप्तान विराट सिंह (53) ने अर्धशतक लगाते हुए मैच को ड्रॉ कराया।
परिणाम
ऐसे रहे एलीट ग्रुप के अन्य मैचों के परिणाम
बंगाल और आंध्र प्रदेश के बीच खेला गया मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जबकि त्रिपुरा ने गोवा के खिलाफ 237 रन से जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश और केरल के बीच खेला गया मैच भी ड्रॉ रहा।
एक अन्य मैच में गुजरात ने तमिलनाडु को 111 रन से हराया। इनके अलावा चंडीगढ़ और रेलवे के बीच हुआ मैच ड्रॉ रहा।
महाराष्ट्र ने मणिपुर को पारी और 69 रन से हराया।
विदर्भ और बड़ौदा ने अपने-अपने मैच जीते।
प्लेट ग्रुप
प्लेट ग्रुप के सभी परिणामों पर एक नजर
प्लेट ग्रुप में हैदराबाद ने नागालैंड को पारी और 194 रन से हराया था। इस मुकाबले में हैदराबाद के राहुल सिंह गहलौत (214) ने दोहरा शतक और तिलक वर्मा (100*) ने शतक लगाया था।
मेघालय ने अरुणाचल प्रदेश के विरुद्ध पारी और 172 रन से जोरदार जीत दर्ज की। मेघालय के कप्तान किशन लिंग्दोह (268) ने दोहरा शतक लगाया था।
प्लेट ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में सिक्किम ने मिजोरम के खिलाफ 4 विकेट से जीत हासिल की।