LOADING...
रणजी ट्रॉफी 2024: पांडिचेरी ने 7 बार की चैंपियन रही दिल्ली को 9 विकेट से हराया
पांडिचेरी ने दर्ज की 9 विकेट से जीत (तस्वीर: एक्स/@pratyush93_raj)

रणजी ट्रॉफी 2024: पांडिचेरी ने 7 बार की चैंपियन रही दिल्ली को 9 विकेट से हराया

Jan 08, 2024
01:44 pm

क्या है खबर?

इस समय खेली जा रही रणजी ट्रॉफी में पांडिचेरी क्रिकेट टीम ने एलीट ग्रुप-D के पहले दौर के मुकाबले में दिल्ली क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराते हुए बड़ा उलटफेर किया है। अरुण जेटली स्टेडियम पर खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 50 रन के छोटे से लक्ष्य को पांडिचेरी ने आकाश करगावे के विकेट के नुकसान पर हासिल किया। यह 7 बार की खिताब जीत चुकी दिल्ली के लिए शर्मनाक हार है।

लेखा-जोखा 

इस तरह जीत दर्ज करने में सफल हुई पांडिचेरी की टीम

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम 148 रन पर सिमट गई। पांडिचेरी से गौरव यादव ने 7 विकेट लेते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। जवाब में पांडिचेरी ने संतोष रत्नपारखे (60) की पारी की बदौलत 244 रन बनाते हुए बढ़त हासिल की। पहली पारी के आधार पर 96 रन से पिछड़ने वाली दिल्ली अपनी दूसरी पारी में 145 रन ही बना सकी। जवाब में पांडिचेरी ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

रिकॉर्ड

पांडिचेरी के गौरव ने मैच में लिए कुल 10 विकेट

पांडिचेरी की जीत में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गौरव का अहम योगदान रहा। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट चटकाए। दिल्ली की पहली पारी के दौरान गौरव ने 26.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 49 रन देते हुए 7 विकेट लिए। उन्होंने विपक्षी कप्तान यश ढुल (2) को भी अपना शिकार बनाया। दूसरी पारी के दौरान गौरव ने 16.4 ओवर में 49 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

Advertisement

इशांत

इशांत शर्मा और नवदीप सैनी ने किया निराश

दिल्ली की टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और नवदीप सैनी ने निराश किया। इशांत ने पांडिचेरी की पहली पारी के दौरान 14 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 43 रन देते हुए 1 विकेट लिया। नवदीप ने पहली पारी के दौरान अपने 17 ओवर में 54 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए। विशेष रूप से पांडिचेरी की दूसरी पारी के दौरान दोनों तेज गेंदबाज कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।

Advertisement

उपलब्धि

पांडिचेरी ने एलीट मैचों में दर्ज की अपनी सिर्फ दूसरी जीत  

यह रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पांडिचेरी की किसी एलीट ग्रुप मुकाबले में सिर्फ दूसरी जीत है। इससे पहले पांडिचेरी ने गोवा के खिलाफ 2023 में एलीट ग्रुप की अपनी पहली जीत (9 विकेट से) दर्ज की थी। पांडिचेरी अब अगले मैच में बड़ौदा के खिलाफ 12 जनवरी को भिड़ेगी। यह मुकाबला वडोदरा के मोतीबाग स्टेडियम पर खेला जाएगा। बता दें कि बड़ौदा ने अपने पहले मैच में ओडिशा को हराया है।

Advertisement