Page Loader
रणजी ट्रॉफी 2024: मयंक अग्रवाल ने प्रथम श्रेणी करियर का 17वां शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े 
मयंक अग्रवाल ने रणजी ट्रॉफी 2024 में जड़ा दूसरा शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रणजी ट्रॉफी 2024: मयंक अग्रवाल ने प्रथम श्रेणी करियर का 17वां शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े 

Jan 20, 2024
04:56 pm

क्या है खबर?

रणजी ट्रॉफी 2024 के तीसरे चरण में शनिवार को कर्नाटक क्रिकेट टीम के कप्तान मयंक अग्रवाल ने गोवा क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतकीय पारी (114) खेली। यह उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का 17वां और इस सीजन का दूसरा शतक रहा। उनकी पारी की बदौलत ही कनार्टक ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 200 से अधिक का स्कोर बना लिया है। आइए मयंक की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही मयंक की पारी और साझेदारी?

मयंक ओपनर बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे थे, लेकिन टीम को 27 रन के कुल स्कोर पर डेगा निश्चल (16) के रूप में पहला झटका लगा था। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल (101) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और अपना शतक पूरा किया। वह अपनी पारी में 180 गेंद में 68 की स्ट्राइक रेट से 114 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 13 चौके लगाए। उन्होंने पारी के दौरान पडिक्कल के साथ 209 रन की अहम साझेदारी निभाई।

फॉर्म

कमाल की फॉर्म में चल रहे हैं मयंक

मयंक साल 2022-23 के रणजी सीजन से ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह पिछले सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 9 मैच की 13 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 990 रन बनाए थे। उनकी औसत 82.50 की थी। मयंक के बल्ले से 3 शतक और 6 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 249 रन रहा था। उन्होंने इस सीजन भी शानदार शुरुआत करते हुए पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ शतक (109) जड़ा था।

करियर

कैसा रहा है मयंक का प्रथम श्रेणी करियर?

मयंक ने अब तक 97 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं और 45 से ज्यादा की औसत से 7,333 रन बनाए हैं। इस दौरान कर्नाटक के इस बल्लेबाज के बल्ले से 17 शतक के अलावा 39 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 304 रन रहा है। मयंक 7 बार प्रथम श्रेणी क्रिकेट में नाबाद भी रह चुके हैं। साल 2013 में कर्नाटक के लिए डेब्यू करने वाला यह खिलाड़ी टीम का सबसे मजबूत स्तम्भ है।

टेस्ट करियर

मयंक के टेस्ट करियर पर एक नजर 

मयंक ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला मैच साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक भारत के लिए 21 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 36 पारियों में 41.33 की औसत से 1,488 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। मयंक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 243 रन रहा है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2022 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।