रणजी ट्रॉफी 2024-25: अजिंक्य रहाणे ने क्वार्टर-फाइनल में हरियाणा के खिलाफ लगाया शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इस समय खेली जा रही रणजी ट्रॉफी 2024-25 में मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी कर रहे अजिंक्य रहाणे ने हरियाणा क्रिकेट टीम के विरुद्ध तीसरे क्वार्टर-फाइनल में शानदार शतक (108) लगाया।
यह उनके प्रथम श्रेणी करियर में 41वां शतक रहा। उनकी पारी की मदद से मुंबई की टीम इस अहम मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
पारी
ऐसी रही रहाणे की पारी
मुंबई ने जब अपनी दूसरी पारी में 48 के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया था, तब रहाणे क्रीज पर आए।
उन्होंने टीम को संकट से निकालने का सफल प्रयास किया।
रहाणे ने हरियाणा के गेंदबाजों के खिलाफ डटकर बल्लेबाजी की और मैच के चौथे दिन के पहले सत्र के दौरान अपना शतक पूरा किया। वह 108 रन बनाकर आउट हुए।
इस बीच उन्होंने सूर्यकुमार यादव (70) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की।
आंकड़े
बेमिसाल रहा है रहाणे का प्रथम श्रेणी करियर
रहाणे ने 2007 में अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 200 मैच की 338 पारियों में करीब 46 की औसत से 13,950 से अधिक रन बना चुके हैं।
इसमें 59 अर्धशतकों के अलावा 41 शतक भी शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 265 रन का रहा है।
उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट की 144 पारियों में 38.46 की औसत से 5,077 रन बनाए हैं। इसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं।
आंकड़े
मौजूदा सीजन में कैसा रहा रहाणे का प्रदर्शन?
रहाणे ने मौजूदा सीजन में अपना पहला शतक लगाया। इससे पहले अपने पिछले मुकाबले में मेघालय के खिलाफ मैच की अपनी इकलौती पारी में उन्होंने 96 रन बनाए थे।
वह शतक से सिर्फ 4 रन से चूक गए थे।
रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में उनके पिछले 8 स्कोर क्रमशः 108, 31, 96, 16, 12, 37, 98 और 84 रन रहे हैं।
उन्होंने मुंबई की टीम को नॉकआउट तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
मुंबई
मुंबई बड़े स्कोर की ओर अग्रसर
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शम्स मुलानी (91) और कोटियान (97) की पारियों की मदद से 88.2 ओवर में 315 रन बनाए।
जवाब में हरियाणा की पारी 301 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। शार्दुल ठाकुर ने 6 विकेट लिए।
पहली पारी के आधार पर 14 रन की बढ़त लेने वाली मुंबई की टीम ने अपनी दूसरी पारी में 317/6 का स्कोर बना लिया है।
अभी चौथे दिन के पहले सत्र का खेल जारी है।