Page Loader
IPL 2023: RCB ने RR को 112 रन से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
rcb को मैच में शानदार जीत मिली (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: RCB ने RR को 112 रन से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

May 14, 2023
07:04 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 60वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 112 रनों से हराकर अपनी छठी जीत दर्ज की है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्लेन मैक्सवेल के अर्धशतक (54) की मदद से 171/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में RR की टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा और सिर्फ 59 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

मुकाबला

ऐसा रहा मुकाबला 

फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली की जोड़ी ने पॉवरप्ले में सधी हुई शुरुआत की और 6 ओवर में टीम ने बिना विकेट खोए 42 रन बनाए।इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने 18वां अर्धशतक बनाया और 54 रन की पारी खेली। डु प्लेसिस 55 रन बनाकर आउट हुए। जवाब में RR को शुरुआती झटके लगे, टीम ने अपने 5 विकेट सिर्फ 28 रन पर खो दिए थे। शिमरन हेटमायर ने संघर्ष किया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।

गेंदबाजी

वेन पार्नेल को चुना गया प्लेयर ऑफ द मैच 

पार्नेल ने RCB के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और 3 ओवर में सिर्फ 10 रन खर्च करते हुए 3 विकेट झटके। उन्होंने जोस बटलर को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। संजू सैमसन 5 गेंद में 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जो रूट भी मैच में कुछ खास नहीं कर पाए और 15 गेंद में 10 रन बनाने के बाद उनका शिकार बने। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिनेश कार्तिक

कार्तिक ने इस शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी की 

दिनेश कार्तिक मैच में खाता खोले बिना आउट हुए। इसी के साथ उन्होंने एक शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। वह IPL के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 16 बार 0 रन पर आउट होने वाले बल्लेबाज हैं। मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा भी 16 बार IPL में 0 रन बनाकर आउट हुए हैं। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से सुनील नरेन और मंदीप सिंह हैं। दोनों 15-15 बार 0 पर आउट हुए हैं।

रन

डु प्लेसिस ने खेली कप्तानी पारी 

डु प्लेसिस ने मैच में कप्तानी पारी खेली और 55 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने IPL करियर में 4,000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने 121 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। वह सबसे तेज 4,000 रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। केएल राहुल ने 105 पारियों में 4,000 IPL रन बनाए थे। क्रिस गेल ने यह कारनामा 112 पारियों में किया था। डेविड वार्नर ने 114 पारियों में 4,000 IPL रन पूरे किए थे।

आंकड़े

RR ने IPL इतिहास का तीसरा सबसे छोटा स्कोर बनाया 

RR ने IPL इतिहास का तीसरा सबसे छोटा स्कोर बनाया है। सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड RCB के नाम है। RCB कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ साल 2017 में 49 रन बनाने के बाद ऑलआउट हो गई थी। दूसरे नंबर पर भी RR की टीम है। RCB के खिलाफ टीम साल 2009 में 58 रन बनाने के बाद ऑलआउट हो गई थी। ये उनका सबसे छोटा स्कोर है। आज उन्होंने अपना दूसरा सबसे छोटा स्कोर बनाया है।

रिकॉर्ड

मैच में बने कुछ और रिकॉर्ड्स 

RR अब RCB के खिलाफ 3 बार 100 से कम के स्कोर पर ऑलआउट हो चुकी है। अन्य टीमों के खिलाफ वह सिर्फ 3 बार 100 से कम के स्कोर पर आउट हुई है। RCB ने एक बड़े रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। उन्होंने 7 बार दूसरी टीम को 100 से कम स्कोर पर ऑलआउट किया है। मुंबई इंडियंस (MI) ने भी 7 बार यह कारनामा किया है। RCB की 100 से ज्यादा रनों से चौथी जीत रही।

अंक तालिका

प्लेऑफ से लगभग बाहर हुई RR

अंकतालिका में अब RCB 6 जीत के साथ 5वें स्थान पर पहुंच गई है। RR इस हार के साथ छठे स्थान पर है। दोनों टीमों के 12-12 अंक हो गए हैं, लेकिन RCB ने अभी 12 मैच खेले हैं। RR के 13 मैच हो गए हैं। वह अगर आखिरी मैच जीत भी जाती है तो उनके सिर्फ 14 अंक हो पाएंगे, जिसके आधार पर भी उनका प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल होगा।