Page Loader
IPL 2022 नीलामी: राजस्थान रॉयल्स ने देवदत्त पड़िकल को 7.75 करोड़ रुपये में खरीदा
देवदत्त पड़िकल

IPL 2022 नीलामी: राजस्थान रॉयल्स ने देवदत्त पड़िकल को 7.75 करोड़ रुपये में खरीदा

लेखन Neeraj Pandey
Feb 12, 2022
01:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की नीलामी में भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पड़िकल को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 7.75 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा है। पड़िकल ने पिछले दो सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। पड़िकल के लिए RCB और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शुरुआत में लड़ाई की, लेकिन 4.20 करोड़ रुपये की पहली बोली लगाने वाले RR ने उन्हें अपने साथ जोड़ा।

करियर

पड़िकल का IPL करियर

पड़िकल ने अब तक पिछले दो सीजन में RCB से हिस्सा लिया है और प्रभावित किया है। उन्होंने अब तक 29 मैचों में 31.57 की औसत और 125.03 की स्ट्राइक रेट से 884 रन बनाए हैं। इस बीच वह एक शतक और छह अर्धशतक भी लगा चुके हैं। पड़िकल ने RCB से दोनों सीजन में 400 से अधिक रन बनाए हैं। वह अपनी टीम के लिए अच्छे ओपनर साबित हुए हैं।

जानकारी

पिछले सीजन में ऐसा रहा था प्रदर्शन

IPL 2021 में पड़िकल ने 14 मैचों में 31.61 की औसत और 125.30 की स्ट्राइक रेट से 411 रन बनाए थे। उन्होंने अपना इकलौता शतक भी पिछले सीजन में लगाया था।

IPL 2020

डेब्यू सीजन में पड़िकल ने किया था कमाल

पड़िकल ने IPL 2020 में अपना IPL डेब्यू किया था और अपने टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्होंने डेब्यू सीजन में पड़िकल ने 15 मैचों में 31.53 की औसत के साथ 473 रन बनाए थे। उन्होंने पांच अर्धशतक जड़े थे। वह (51) अपने टीम के लिए 50 या उससे अधिक चौके लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज थे।

शुरुआत

27 मार्च से शुरु हो सकती है लीग

पिछले दो सीजन से लगातार लीग का आयोजन पूरी तरह से भारत में नहीं हो सका है। 2020 में इसे पूरी तरह से UAE में और 2021 में आधे से अधिक मैच UAE में कराए गए थे। हालांकि, इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) लीग का आयोजन हर हाल में भारत में ही कराना चाहती है। बोर्ड ने महाराष्ट्र में ग्रुप स्टेज और गुजरात में प्ले-ऑफ कराने का अनौपचारिक प्लान भी बना लिया है।