Page Loader
IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका, एडम जैम्पा ने पूरे संस्करण से वापस लिया नाम
एडम जैम्पा ने IPL 2024 से वापस लिया नाम (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका, एडम जैम्पा ने पूरे संस्करण से वापस लिया नाम

Mar 21, 2024
06:46 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें संस्करण का आगाज शुक्रवार (22 मार्च) को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मैच से होगा। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए बुरी खबर आई है। टीम के प्रमुख स्पिनर एडम जैम्पा ने व्यक्तिगत कारणों से पूरे संस्करण से अपना नाम वापस ले लिया है। हालांकि, RR की ओर से अभी उनके प्रतिस्थापन की घोषणा नहीं की गई है। आइए पूरी खबर जानते हैं।

कारण

जैम्पा ने क्यों वापस लिया नाम?

दिसंबर 2023 में दुबई में हुई नीलामी से पहले RR ने जैम्पा को 1.50 करोड़ में अपने साथ बरकरार रखा था। वह रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल के साथ टीम के प्रमुख स्पिनर थे। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, जैम्पा पिछले साल भारत में आयोजित वनडे विश्व कप 2023 के बाद बिग बैश लीग (BBL) के साथ भारत, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलने में व्यस्त थे। उन्होंने लगातार घर से दूर रहने के कारण यह निर्णय किया है।

जानकारी

RR को पहले भी लगा था झटका

जैम्पा से पहले RR को तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में भी झटका लगा था। कृष्णा ने हाल ही में क्वाड्रिसेप्स सर्जरी कराई थी और वह उससे उबरने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में वह भी पूरे IPL से बाहर हो गए हैं।

करियर

कैसा रहा है जैम्पा का IPL करियर?

जैम्पा RR से पहले RCB और राइजिंग पुणे सुपरजायंट का प्रतिनिधत्व कर चुके हैं। उन्होंने 2016 में RCB के खिलाफ IPL डेब्यू किया था। वह अब तक 20 मैचों में 19.24 की औसत और 7.99 की इकॉनमी से 29 विकेट चटका चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/19 का रहा है। पिछले सीजन उन्होंने 6 मैचों में 23.50 की औसत और 8.54 की इकॉनमी से 8 विकेट चटकाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन CSK के खिलाफ 3/22 विकेट का रहा था।