राहुल द्रविड़ नहीं बढ़ाएंगे अपना कार्यकाल, वीवीएस लक्ष्मण हो सकते हैं भारत के मुख्य कोच- रिपोर्ट
क्या है खबर?
वनडे विश्व कप 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ हारकर उपविजेता रही थी।
खिताबी मुकाबले में भारत को 6 विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही राहुल द्रविड़ के मुख्य कोच का कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
इस बीच खबर ये है कि वीवीएस लक्ष्मण अब द्रविड़ की जगह पर इस भूमिका में नजर आ सकते हैं।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
दक्षिण अफ्रीका दौरे से पूर्णकालिक कोच की भूमिका में हो सकते हैं लक्ष्मण
भारत को अगले महीने दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है और यह लक्ष्मण का मुख्य कोच (पूर्णकालिक) के रूप में पहला दौरा हो सकता है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "लक्ष्मण ने इस पद के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की है। विश्व कप के दौरान लक्ष्मण इस संबंध में बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों से मिलने के लिए अहमदाबाद गए थे। ऐसी संभावना है कि उन्हें कोच बनाया जा सकता है।"
लक्ष्मण
द्रविड़ की अनुपस्थिति में पहले भी कोचिंग दे चुके हैं लक्ष्मण
भारत को गुरुवार (23 नवंबर) से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलनी है, जिसमें कई प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली इस भारतीय टीम के साथ लक्ष्मण कोच के रूप में मौजूद हैं। बता दें कि इससे पहले भी लक्ष्मण, द्रविड़ की गैरमौजूदगी में बतौर कोच नजर आ चुके हैं।
वह इस समय बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के प्रमुख की भूमिका में भी हैं।
द्रविड़
पूर्णकलिक कोच बनने के इच्छुक नहीं हैं द्रविड़
द्रविड़ ने BCCI को बता दिया है कि वह पूर्णकालिक कोच बने रहने के इच्छुक नहीं हैं। वह NCA प्रमुख के रूप में भूमिका के लिए तैयार हैं (पहले भी रह चुके हैं), जिसके चलते वह अपने गृहनगर बेंगलुरु में रह सकते हैं।
इसके साथ-साथ ऐसी भी खबरें हैं कि द्रविड़ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की किसी फ्रेंचाइजी के साथ 2 साल के अनुबंध पर कोच के रूप में नजर आ सकते हैं।
कार्यकाल
द्रविड़ के कार्यकाल में भारत 2 बार ICC टूर्नामेंट में उपविजेता रहा
द्रविड़ के 2 साल के कार्यकाल में भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दूसरे चक्र में उपविजेता रहा था। इसके अलावा हाल ही में समाप्त हुए वनडे विश्व कप में भी टीम उपविजेता रही थी।
उनकी देखरेख में ही भारतीय टीम वनडे और टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में कामयाब हुई।
द्रविड़ के कार्यकाल में भारत ने टी-20 विश्व कप 2022 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
पोल