टेस्ट क्रिकेट: रहमत शाह ने दूसरी पारी में जड़ा अर्धशतक, कोहली के क्लब में हुए शामिल
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान रहमत शाह ने बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी से इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया। बतौर कप्तान पहला टेस्ट खेल रहे रहमत ने पहली पारी में 105 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके बाद दूसरी पारी में भी अपना दम दिखाते हुए 51 रन बनाए और टीम के लिए अहम योगदान दिया। रहमत टेस्ट कप्तानों के उस खास सूची में शामिल हुए हैं, जिसमें विराट कोहली भी शामिल हैं।
रिकॉर्ड
रहमत ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
रहमत ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में शतक और अर्धशतक जड़कर कप्तानी के तौर पर अपने पहले मैच को यादगार बना दिया।
वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बतौर कप्तान अपने पहले ही मैच में शतक और अर्धशतक जड़ने वाले सिर्फ छठे खिलाड़ी बने हैं।
उनसे पहले आखिरी बार यह कारनामा कोहली ने दिसंबर 2014 में एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। कोहली इस सूची में शामिल होने वाले 5वें खिलाड़ी थे।
खिलाड़ी
इस खिलाड़ी ने किया था सबसे पहले ये कारनामा
कप्तान के रूप में अपने पहले टेस्ट में शतक और अर्धशतक लगाने का कारनामा सबसे पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान आर्ची मैकलारेन ने 1897 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था।
इसके बाद न्यूजीलैंड के ज्योफ राबोन ने साल 1953 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ये उपलब्धि हासि की।
ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल ने 1975 में वेस्टइंडीज के खिलाफ और जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने 2011 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ बतौर कप्तान ये रिकॉर्ड बना चुके हैं।
पारी
दोनों पारियों में ऐसे थे रहमत के आंकड़े
रहमत ने पहली पारी में 216 गेंदों में 105 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 10 चौके और 2 छक्के निकले।
दूसरी पारी में इस खिलाड़ी ने 124 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और एक छक्का निकला।
रहमत ने अब तक 13 टेस्ट खेले हैं और इसकी 25 पारियों में 49.95 की औसत से 1,199 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं।