रहमत शाह ने रचा इतिहास, ICC टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष-10 में पहुंचने वाले पहले अफगानी बने
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रहमत शाह ने इतिहास रच दिया है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) पुरुष खिलाड़ी रैंकिंग की किसी भी श्रेणी के शीर्ष-10 में जगह बनाने वाले देश के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। 33 वर्षीय रहमत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में शानदार शतक जड़ा था। इसके दम पर उन्होंने टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 7वां स्थान हासिल किया है। यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
बढ़त
रहमत ने इन स्टार खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे
रहमत ने 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार 173 रन की पारी खेली थी।
इसके दम पर उन्होंने रैंकिंग में 6 स्थान की छलांग लगाई। इस दौरान उन्होंने कई दिग्गज अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।
इनमें भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम और श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस शामिल हैं।
इस उपलब्धि के साथ रहमत टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 7वें स्थान पर पहुंच गए।
जानकारी
कमाल का रहा है रहमत का टेस्ट करियर
रहमत ने अफगानिस्तान के लिए 14 टेस्ट खेले हैं और इसकी 26 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 54.88 की औसत के साथ 1,372 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्करो 234 रन रहा है।
टीम
वनडे टीम रैंकिंग में भी अफगानिस्तान को मिली बड़ी सफलता
अफगानिस्तान ने वनडे प्रारूप में भी शानदार सफलता हासिल की है। इसी महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के साथ खेली गई त्रिकोणीय सीरीज जीतने के बाद टीम ICC पुरुष वनडे रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गई।
यह उसकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
वहीं, जिम्बाब्वे के क्रेग एर्विन ने टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 9 स्थान की छलांग लगाकर 48वां स्थान हासिल किया। उन्होंने शारजाह टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद दोहरा शतक लगाया था।
फायदा
इन भारतीय गेंदबाजों को भी हुआ फायदा
भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर अक्षर पटेल ने वेलिंगटन में दूसरे वनडे में 28 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इसके दम पर उन्होंने गेंदबाजों की रैंकिंग में 23 स्थान की छलांग लगाकर 21वां स्थान हासिल किया।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी 11 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 31वें नंबर पर पहुंच गए।
वहीं, गुरनूर बरार ने सीधे 48वें स्थान पर पहुंचकर बड़ी छलांग लगाई। उनके नाम सीरीज में 7 विकेट हैं।