महिला बिग बैश लीग में खेलती दिखेंगी पूजा वस्त्राकर, ब्रिस्बेन हीट ने किया साइन
क्या है खबर?
भारतीय ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर अब महिलाओं की बिग बैश लीग (WBBL) के अगले सीजन में खेलती हुई नजर आएंगी। उन्हें आगामी सीजन के लिए ब्रिस्बेन हीट ने साइन कर लिया है।
बता दें पहली बार पूजा को WBBL के लिए किसी टीम ने चुना है। 22 वर्षीय पूजा ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड में हुए विश्व कप में भी प्रभावित किया था।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
वस्त्राकर सभी विभागों में उपयोगी खिलाड़ी हैं- कोच एशले नोफ्के
ब्रिस्बेन हीट के कोच एशले नोफ्के ने वस्त्राकर को अपने साथ शामिल करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "पूजा एक उम्दा एथलीट है। वह तेज गति से गेंदबाजी करती है, निचले क्रम में बल्ले से तेजी से रन बना सकती है। इसके अलावा वह चुस्त फील्डर भी हैं। हमें उन्हें WBBL में शामिल करने पर खुशी हो रही है। वह निश्चित रूप से भारत के लिए बड़ी खिलाड़ी बनने जा रही हैं और हीट में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगी।"
ट्विटर पोस्ट
ब्रिस्बेन हीट ने किया आधिकारिक ऐलान
An exciting and powerful young-gun! Welcome Indian International, @Vastrakarp25 🇮🇳
— Brisbane Heat (@HeatBBL) July 28, 2022
Details: https://t.co/okuatXssYO#BringtheHEAT #WBBL08 pic.twitter.com/wORIc3O2or
संक्रमण
फिलहाल आइसोलेशन में है वस्त्राकर
वस्त्राकर 28 अगस्त से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थी। हालांकि, वह बर्मिंघम रवाना होने से पहले साथी खिलाड़ी एस मेघना के साथ कोरोना संक्रमित पाई गई थी। वह फिलहाल बैंगलोर में आइसोलेशन में हैं।
भारत को राष्ट्रमंडल खेलों के अपने पहले मैच में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है, जिसके लिए वस्त्राकर उपलब्ध नहीं होंगी।
दूसरी तरफ मेघना कोरोना से उबर चुकी है और आज रात तक उनके बर्मिंघम पहुंचने की उम्मीद है।
WBBL
ब्रिस्बेन हीट से जुड़ने वाली तीसरी भारतीय महिला बनी वस्त्राकर
पूनम यादव पिछले सीजन में हीट के लिए खेल चुकी हैं और स्मृति मंधाना भी इससे पहले ब्रिस्बेन में खेल चुकी हैं। हालांकि, स्मृति पिछले सीजन में सिडनी थंडर के लिए खेलते हुए दिखी थी।
वहीं भारत की महिलाओं को WBBL में काफी सफलता मिली है। पिछले सीजन में हरमनप्रीत कौर मेलबर्न रेनेगेड्स से खेलते हुए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बनी थीं। उन्हें अगले सीजन के लिए फिर रेनेगेड्स ने अपने साथ बरकरार रखा है।
टीम
फिलहाल ऐसी है ब्रिस्बेन हीट की टीम
वस्त्राकर न्यूजीलैंड की अमेलिया केर के साथ आगामी सीजन के लिए हीट के दूसरे विदेशी खिलाड़ी के रूप में शामिल हुई है। बता दें जेस जोनासेन को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
ब्रिस्बेन हीट की टीम: जेस जोनासेन (कप्तान), अमेलिया केर (न्यूजीलैंड), पूजा वस्त्राकर (भारत), निकोला हैनकॉक, ग्रेस हैरिस, लौरा हैरिस, मिकायला हिंकले, एली जॉन्सटन, चार्ली नॉट, जॉर्जिया रेडमायने, कोर्टनी सिप्पल और जॉर्जिया वोल।