Page Loader
PBKS बनाम LSG: मार्कस स्टोइनिस ने इस सीजन में लगाया दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े 
मार्कस स्टोइनिस ने खेली 72 रन की पारी (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

PBKS बनाम LSG: मार्कस स्टोइनिस ने इस सीजन में लगाया दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े 

Apr 28, 2023
09:41 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 38वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतकीय पारी (72) खेली है। यह उनका मौजूदा सीजन में दूसरा अर्धशतक है। उनकी पारी की मदद से LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 257/5 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया है। आइए स्टोइनिस की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही स्टोइनिस की पारी 

जब LSG ने 74 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया था, तब स्टोइनिस बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का कुल छठा अर्धशतक है। उन्होंने आयुष बदोनी के साथ मिलकर 47 गेंदों में 89 रन की अहम साझेदारी की। इस दौरान उन्होंने 40 गेंदों में 6 चौकों और 5 शानदार छक्कों की मदद से 72 रन की पारी खेली।

IPL 2023 

मौजूदा सीजन में स्टोइनिस ने लगाया अपना दूसरा अर्धशतक 

स्टोइनिस का यह इस सीजन का दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ 65 रन की पारी खेली थी। वह इस सीजन में अब तक 8 मैचों में बल्लेबाजी कर चुके हैं, जिसमें उन्होंने 30.86 की उम्दा औसत और 155.40 की आक्रामक स्ट्राइक रेट के साथ 216 रन बनाए हैं। वह IPL 2023 में अब तक 16 चौके और 14 छक्के भी लगा चुके हैं।

IPL करियर 

कैसा रहा है स्टोइनिस का IPL करियर?

स्टोइनिस ने IPL में 75 मैच खेल लिए हैं, जिसमें उन्होंने 26.81 की औसत और 140.20 की स्ट्राइक रेट से 1,287 रन बना लिए हैं। आज वह अपने IPL करियर का सबसे बड़ा स्कोर बनाने में भी कामयाब रहे हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 99 चौके और 62 छक्के लगाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 28.84 की गेंदबाजी औसत से 38 विकेट लिए हुए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा है।

LSG 

LSG ने बनाया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 

LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 257 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही यह LSG का सबसे बड़ा टीम स्कोर बन गया है। इसी तरह यह IPL इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। बता दें कि IPL इतिहास का सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड (263/5) RCB के नाम दर्ज है, जो उन्होंने 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ बनाया था।