PBKS ने हार्दिक पांड्या के ट्रेड के बाद बदला कोचिंग स्टाफ, जानिए क्या किए बदलाव
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 सीजन से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। हार्दिक पांड्या के ट्रेड के बाद अब फ्रेंचाइजी ने भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे को अपना नया गेंदबाजी कोच और राजीव कुमार को नया फील्डिंग कोच नियुक्त करने का फैसला किया है। ये दोनों दिग्गज ऑस्ट्रेलिया के जेम्स होप्स (पूर्व बॉलिंग कोच) और ब्रैड हैडिन (पूर्व फील्डिंग कोच) की जगह लेंगे।
जोड़ी
फिर साथ नजर आएगी रिकी पोंटिंग और म्हाम्ब्रे की जोड़ी
PTI के अनुसार, 54 वर्षीय म्हाम्ब्रे को पिछले महीने ही मुंबई इंडियंस (MI) ने अपने कोचिंग स्टाफ से अलग किया था।
अब PBKS में उनकी मुलाकात टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग से होगी। इससे पहले दोनों साल 2015 में MI के कोचिंग सेटअप में एक साथ काम कर चुके हैं।
म्हाम्ब्रे के पास कोचिंग का लंबा अनुभव है। उन्होंने 2021 से 2024 तक मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई थी।
अलगाव
CSK से अलग ओकर आ रहे हैं राजीव
नए फील्डिंग कोच नियुक्त किए गए राजीव कुमार इससे पहले 5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के साथ सहायक कोच के रूप में काम कर रहे थे, जहां से उन्हें हाल ही में रिलीज किया गया था।
बता दें कि साल 2014 और 2025 में IPL फाइनल तक का सफर तय करने वाली PBKS को अभी भी अपनी पहली IPL ट्रॉफी का इंतजार है।
इन दोनों दिग्गजों के आने से खिलाड़ियों को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
प्रदर्शन
IPL 2026 में ऐसा रहा था PBKS का प्रदर्शन
IPL 2026 में PBKS ने 14 मुकाबले खेले थे, जिसमें टीम को 7 मैचों में जीत मिली थी, जबकि 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। एक मैच बेनतीजा रहा।
पंजाब ने 15 अंकों और +0.309 के NRR के साथ अंक तालिका में 5वां स्थान हासिल किया। टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई।
शुरुआत में PBKS ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन बाद में टीम लगातार कई मैच हारकर शीर्ष-4 में जगह नहीं बना सकी थी।