Page Loader
पथुम निसांका ने अफगानिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए आंकड़े
पथुम निसांका ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@OfficialSLC)

पथुम निसांका ने अफगानिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Feb 21, 2024
11:02 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बेहतरीन अर्धशतक (60) जड़ा। वह दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रिटायर्ड होकर पवेलियन लौटे। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 27 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी के दम पर ही श्रीलंका टीम पूरे समय मैच में बनी रही, लेकिन अंत में उसे 3 रन से करीब हार झेलनी पड़ी।

पारी

कैसी रही निसांका की पारी और साझेदारी?

अफगानिस्तान से मिले 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम को निसांका और कुसल मेंडिस (16) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.5 ओवर में 64 रन जोड़ दिए। मेंडिस के आउट होने के बाद निसांका ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 30 गेंदों में 200 की उम्दा स्ट्राइक रेट से 60 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 2 बेहतरीन छक्के भी जड़े।

चोट

निसांका को कैसे लगी चोट?

निसांका मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे और लग रहा था कि वह आसानी से टीम को मैच जिता देंगे। पारी के 9वें ओवर में निसांका ने नूर अहमद की गेंद पर शानदार छक्का जड़ा था, लेकिन इस प्रयास में वह गिर गए थे। इससे उनके पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया और उनसे खड़ा भी नहीं रहा जा रहा था। आखिरकार उन्होंने दर्द से हार मान ली और फिर अनचाहे मन से रिटायर होकर पवेलियन लौट गए।

करियर

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निसांका का प्रदर्शन

दाएं हाथ के बल्लेबाज निसांका ने मार्च 2021 को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम मे खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 48 मैचों 27.84 की औसत और 116 की स्ट्राइक रेट से 1,225 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 75 रन रहा है। उन्होंने 9 टेस्ट की 15 पारियों में 537 रन बनाए हैं। 52 वनडे में 44.12 की औसत और 90.29 की स्ट्राइक रेट से 2,074 रन बनाए हैं।