टी-20 विश्व कप 2026: पैट कमिंस टूर्नामेंट से हुए बाहर, जानिए किसे मिली जगह
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 15 सदस्यीय अंतिम टीम में बेन ड्वारशुइस को शामिल किया गया है। इसी तरह ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट को भी टीम से बाहर कर दिया गया है और उनकी जगह शानदार फॉर्म में चल रहे मैट रेनशॉ को टीम में जगह मिली है। आई पूरी खबर जानते हैं।
परेशानी
पीठ की चोट से उबर रहे हैं कमिंस
पीठ की चोट से उबरने की उम्मीद में कमिंस को ऑस्ट्रेलिया की अस्थायी टीम में शामिल किया गया था। वह आखिरी बार दिसंबर के मध्य में इंग्लैंड के खिलाफ खेले थे, जिसके बाद वह पुनर्वास के लिए गए थे। जनवरी में किए गए स्कैन पॉजिटिव होने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के लिए और समय देने की बात कही थी। उनके अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 तक फिट होने की उम्मीद है।
बदलाव
ड्वारशुइस और रेनशॉ को मिली टीम में जगह
ड्वार्शियस को बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के विकल्प के रूप में टीम में शामिल किया गया है। उन्हें पहले 15 सदस्यीय अस्थायी टीम से बाहर रखा गया था, लेकिन अब उन्हें कमिंस के प्रतिस्थापन के रूप में चुना गया है। ड्वारशुइस तेज गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 13 टी-20 अंतररराष्ट्रीय मैचों में 20 विकेट लिए हैं। 4/36 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
इनाम
रेनशॉ को मिला बेसबॉल लीग में शानदार प्रदर्शन का इनाम
ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप टीम में शामिल रेनशॉ को घरेलू और बेसबॉल लीग में अपने शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया गया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बेसबॉल लीग 2025-26 में ब्रिस्बेन हीट के लिए 153.55 के स्ट्राइक रेट से 324 रन अपने नाम किए थे। उन्होंने हाल में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसी तरह चौंकाने वाले कदम में स्टीव स्मिथ को भी टीम में जगह नहीं दी गई है।
आंकड़े
कमिंस के नाम दर्ज है दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक
टी-20 विश्व कप 2024 में कमिंस टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार दो मैचों में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे। उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 57 मैचों में 7.44 की इकॉनमी रेट से 66 विकेट हैं। ऐसे में अंतिम समय में उनका चोट के कारण टीम से बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप अभियान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
जानकारी
टी-20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंतिम 15 सदस्यीय टीम
ऑस्ट्रेलिया की टी-20 विश्व कप टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिश, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस और एडम जैम्पा।