IPL 2027 से हट सकते हैं पैट कमिंस, SRH के कप्तान ने दिए संकेत
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पैट कमिंस हाल ही में संपन्न हुई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खेलते हुए नजर आए थे। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान कमिंस ने संकेत दिया है कि वह 2027 का सीजन छोड़ सकते हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का अगले साल का अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है, जिसमें भारत में टेस्ट सीरीज, एशेज और वनडे विश्व कप 2027 शामिल हैं। इसको ध्यान में रखते हुए कमिंस IPL 2027 से हट सकते हैं।
रिपोर्ट
टेस्ट और विश्व कप खेलने में रहेगा कमिंस का ध्यान
द ऐज से कमिंस ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान टेस्ट क्रिकेट और ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप अभियान पर है। कमिंस ने कहा, "अगले साल किसी न किसी मोड़ पर कुछ तो छोड़ना ही पड़ेगा, और वो टेस्ट मैच या वनडे विश्व कप तो बिल्कुल नहीं होंगे।" IPL में पिछले कुछ सीजन में वह SRH के लिए एक अहम खिलाड़ी रहे हैं, और टीम के कप्तान के तौर पर उन्हें सालाना 18 करोड़ रुपये मिलते हैं।
बयान
IPL 2027 को लेकर क्या बोले कमिंस?
कमिंस ने कहा कि IPL 2027 में खेलने को लेकर अभी कोई स्पष्टता नहीं है और मैं इस पर बाद में विचार करूंगा। उन्होंने आगे कहा, "मैं इस बारे में (IPL में खेलने) और करीब से विचार करूंगा और फ्रेंचाइजी के साथ मिलकर देखूंगा कि क्या सही फैसला रहेगा। अभी हालात बदल सकते हैं। मुझे कुछ चोटें भी लगी हैं, इसलिए मैं अभी कुछ भी पक्का नहीं करना चाहता।"
प्रदर्शन
इस IPL सीजन में कमिंस ने खेले 8 मैच
IPL 2026 के शुरुआती मैचों में कमिंस नहीं खेले थे और उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन ने कप्तानी की थी। ऐसे में कमिंस इस सीजन में सिर्फ 8 मैच ही खेल सके, जिसमें उन्होंने 38.37 की खराब औसत के साथ सिर्फ 6 ही विकेट लिए थे। इस दौरान वह बेहद महंगे (इकॉनमी रेट- 9.59) भी साबित हुए। इस सीजन में मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 28 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा।
कार्यक्रम
ऑस्ट्रेलिया का है व्यस्त कार्यक्रम
ऑस्ट्रेलिया जनवरी और फरवरी में भारत में खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलेगी। इसके ठीक बाद मार्च में मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच होगा। यह मैच टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर खेला जाएगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान कमिंस इंग्लैंड में होने वाली एशेज सीरीज और 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप में भी हिस्सा लेना चाहेंगे।