Page Loader
पार्थिव पटेल ने बताया धोनी, कोहली और रोहित की कप्तानी में अंतर

पार्थिव पटेल ने बताया धोनी, कोहली और रोहित की कप्तानी में अंतर

लेखन Neeraj Pandey
Jun 29, 2020
07:00 am

क्या है खबर?

भारत के सबसे सफल कप्तान की बात आते ही लोगों की जुबान पर सबसे पहला नाम महेन्द्र सिंह धोनी का आता है। वर्तमान समय में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी कप्तान के तौर पर खूब सफलता हासिल की है। रोहित शर्मा को भी जब मौका मिला है तब उन्होंने कप्तानी की स्किल दिखाई है। तीनों की कप्तानी में खेल चुके पार्थिव पटेल ने अब तीनों के बीच अंतर को बताया है।

धोनी की स्टाइल

खिलाड़ियों को अपने स्टाइल में खेलने की छूट देते हैं धोनी- पटेल

आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत के दौरान पटेल ने तीनों खिलाड़ियों की कप्तानी के स्टाइल में अंतर की बात की है। पटेल ने कहा, "मेरे ख्याल से धोनी हर खिलाड़ी की क्षमता और उनसे क्या निकलवाया जा सकता है, के बारे में अच्छे तरीके से जानते हैं। वह खिलाड़ियों को अपनी स्टाइल में खेलने की छूट देते हैं और वह खुद को जाहिर करने की जगह देते हैं।"

रोहित शर्मा

प्लानिंग में काफी बेहतरीन हैं रोहित- पटेल

रोहित के बारे में बताते हुए पटेल ने कहा कि वह अपनी प्लानिंग अच्छी तरीके से करते हैं और गेंदबाजों से मीटिंग में वह पूरी तरह शामिल होते हैं। उन्होंने कहा, "वह पता लगाते हैं कि उन्हें जो जानकारी मिली है उसका लाभ कैसे लेना है और किस खिलाड़ी को कैसे रोल में आजमाया जा सकता है। 2014 में शुरुआत करने से अब तक उन्होंने काफी सुधार किया है।"

विराट कोहली

हमेशा फ्रंट पर रहना चाहते हैं कोहली- पटेल

विराट कोहली को पटेल ने हमेशा फ्रंट पर रहने की कोशिश करने वाला कप्तान बताया। उन्होंने कहा, "वह फ्रंट से लीड करना चाहते हैं और हमेशा आक्रामक बने रहना चाहते हैं। यह उनकी स्टाइल है जो उन्हें सूट करती है। धोनी और रोहित ड्रेसिंग रूम को शांत रखते हैं तो वहीं कोहली हर खिलाड़ी को अपने अंगूठे पर खड़े रहने पर मजबूर कर देते हैं।"

कप्तानी के आंकड़े

कप्तानी में ऐसा रहा है तीनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन

धोनी 200 वनडे में भारत की कप्तानी करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर 110 वनडे जीते हैं। उन्होंने 60 में से 27 टेस्ट जीते हैं तो वहीं 72 में से 41 टी-20 में जीत दर्ज की है। कोहली 37 में से 22 टी-20, 89 में से 62 वनडे और 55 में से सबसे ज़्यादा 33 टेस्ट जीते हैं। रोहित ने 10 में से आठ वनडे और 20 में से 16 टी-20 जीते हैं।