LOADING...
पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय हॉकी टीम ने जीता कांस्य, 52 साल बाद लगातार दो ओलंपिक पदक
रोचक रहा कांस्य पदक का ये मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@TheHockeyIndia)

पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय हॉकी टीम ने जीता कांस्य, 52 साल बाद लगातार दो ओलंपिक पदक

Aug 08, 2024
07:17 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्पेन को 2 -1 से हराते हुए कांस्य पदक जीता है। यह मौजूदा पेरिस खेलों में भारत का कुल चौथा कांस्य पदक है। भारत से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल किए, जबकि स्पेन से मार्क मिरालेस ने इकलौता गोल किया। ओलंपिक के इतिहास में भारत की हॉकी टीम ने कुल 13वां पदक जीतने में सफलता हासिल की है। आइए इस मुकाबले पर एक नजर डालते हैं।

पहला हाफ 

पहले हाफ में 1-1 से बराबरी पर रहा स्कोर

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण किए। इसके परिणामस्वरण मैच के छठे मिनट में सुखजीत सिंह मैदानी गोल करने से चूक गए। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में असफल रही। दूसरा क्वार्टर के दौरान मैच के 18वें मिनट में मार्क मिरालेस ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर के समापन से कुछ सेकेंड पूर्व भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने गोल कर दिया।

दूसरा हाफ 

रोचक रहा दूसरा हाफ

मैच के तीसरे क्वार्टर में भारत का दबदबा देखने को मिला। इस बीच भारत ने कुछ मैदानी गोल करने के असफल प्रयास किए। मैच के 33वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कार्नर पर जोरदार गोल किया और भारत को 2-1 से बढ़त दिला दी। मैच के चौथे और आखिरी क्वार्टर में स्पेन की टीम ने लगातार आक्रमण किए। दूसरी तरफ भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश और डिफेन्स ने शानदार बचाव किया और मैच में कोई गोल नहीं होने दिया।

Advertisement

सफर

पेरिस ओलंपिक में शानदार रहा भारत का सफर

पूल-B में मौजूद भारतीय टीम ने अपने 5 में से 3 मैच जीते और 1 में शिकस्त झेली थी। भारत ने 10 अंको के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। पूल-B के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने इतिहास रचा था। उन्होंने साल 1972 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक में 3-2 से हराया था। इसके बाद क्वार्टर-फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन को हराने के बाद सेमीफाइनल में भारत जर्मनी से हार गया था।

Advertisement

पदक 

भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक इतिहास में जीता चौथा कांस्य पदक

ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का यह चौथा कांस्य पदक (1968, 1972, 2020 और 2024) है। हॉकी के इतिहास में भारत ने सर्वाधिक 8 स्वर्ण पदक (1928, 1932, 1936, 1948, 1952, 1956, 1964, 1980) जीते हैं। इसके अलावा भारत ने 1 रजत (1960) भी जीता है। दिलचस्प रूप से भारत ने शुरुआती 6 संस्करण में स्वर्ण जीतकर कीर्तिमान स्थपित किया था। इसके बाद 1960 में भारत के स्वर्ण जीतने का सिलसिला थम गया था।

जानकारी

टोक्यो के बाद भारत ने पेरिस में लगातार दूसरा पदक जीता

भारतीय हॉकी टीम ने 52 साल बाद लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतने में सफलत हासिल की है। इससे पहले भारतीय टीम ने 1968 और 1972 में कांस्य पदक जीते थे।

हेड-टू-हेड

भारत ने स्पेन के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा

ओलंपिक में दोनों टीमों के बीच यह 11वीं भिड़ंत थी, जिसमें भारतीय टीम ने 8वीं जीत दर्ज की है, जबकि स्पेन ने 1 मैच जीता है। इस बीच 2 मैच ड्रॉ रहे हैं। हॉकी विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और हॉकी प्रो लीग समेत अन्य मैचों में दोनों टीमें 17 मुकाबलों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें भारत ने 6 जीत दर्ज की है और 8 में शिकस्त झेली है। इस बीच 3 मैच ड्रॉ रहे हैं।

Advertisement