लाहौर में जहरीली हवा का कहर, पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट अब रावलपिंडी में खेला जाएगा
क्या है खबर?
लाहौर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को रावलपिंडी में कराने का फैसला किया है। बोर्ड ने इसकी जानकारी दे दी है। पहले यह मुकाबला लाहौर में खेला जाना था, लेकिन अब दोनों टेस्ट रावलपिंडी में होंगे। मुकाबले के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरा टेस्ट मैच 17 से 21 नवंबर को ही खेला जाएगा।
खराब
लाहौर में वायु गुणवत्ता है बेहद खराब
लाहौर में पिछले कुछ हफ्तों से वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। सर्दियों के मौसम में पाकिस्तान के बड़े हिस्से में घने जहरीली धुंध की चादर छाई हुई है।
हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने वाली स्विट्जरलैंड की कंपनी आईक्यूएयर के अनुसार, लाहौर फिलहाल दुनिया का सबसे प्रदूषित बड़ा शहर है।
खराब वायु गुणवत्ता के कारण पाकिस्तान को पहले भी क्रिकेट मैचों को दूसरे मैदानों पर स्थानांतरित करना पड़ा है।
पहले
पहले भी जहरीली धुंध के कारण स्थानांतरित हुए हैं मुकाबले
नवंबर 2020 में भी पाकिस्तान ने जहरीली धुंध के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी सीमित ओवरों की सीरीज लाहौर से रावलपिंडी स्थानांतरित कर दी थी।
वहीं, दिसंबर 2022 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच होने वाला टेस्ट मैच भी खराब वायु गुणवत्ता के चलते मुल्तान से कराची स्थानांतरित किया गया था।
हालांकि, मैदान बदलने के बावजूद पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा।