Page Loader
पाकिस्तान में खेला जाएगा 2023 एशिया कप, वनडे फॉर्मेट में होगा आयोजन
एशिया कप में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान

पाकिस्तान में खेला जाएगा 2023 एशिया कप, वनडे फॉर्मेट में होगा आयोजन

लेखन Neeraj Pandey
Oct 16, 2021
03:15 pm

क्या है खबर?

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने 2023 में होने वाले एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान को सौंपने का निर्णय लिया है। 2023 में होने वाला टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा। इससे पहले 2022 में श्रीलंका टी-20 फॉर्मेट में एशिया कप की मेजबानी करेगा। दुबई में हुई ACC की मीटिंग के दौरान यह फैसला लिया गया है। इस मीटिंग की अध्यक्षता भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेटरी जय शाह ने की।

कार्यक्रम

2023 के मध्य में हो सकता है एशिया कप का आयोजन

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) लंबे समय से कहता आ रहा था कि वह एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में ही करेगा। 2023 के आखिर में भारत में क्रिकेट विश्व कप खेला जाना है और एशिया कप का आयोजन इस मेगा इवेंट से पहले ही कराया जा सकता है। 2023 के पहले हाफ में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आयोजन किया जाना है। साल के मध्य में एशिया कप खेला जा सकता है।

श्रीलंका

अगले साल श्रीलंका करेगा एशिया कप की मेजबानी

अगले साल टी-20 विश्व कप खेला जाना है और इसी कारण अगले साल होने वाले एशिया कप को टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। 2020 में पाकिस्तान को एशिया कप आयोजित करना था। भारत के पाकिस्तान जाने से इंकार करने के कारण उन्होंने इसका आयोजन का अधिकार श्रीलंका को दे दिया था। कोरोनावायरस के कारण 2020 और 2021 दोनों में ही एशिया कप का आयोजन नहीं किया जा सका

हालिया घटना

हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजन को लेकर PCB को लगे थे बड़े झटके

हाल ही में पाकिस्तान को अपने देश में क्रिकेट आयोजन करने में काफी बड़े झटके लगे थे। न्यूजीलैंड की टीम ने पाकिस्तान जाने के बाद वनडे श्रृंखला शुरू होने वाले दिन ही अपने दौरे को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया था। इसके बाद इंग्लैंड ने भी पाकिस्तान का अपना दौरा निरस्त कर दिया था। दोनों ही देशों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने अपने दौरे निरस्त किए हैं

इतिहास

एशिया कप की सबसे सफल टीम है भारत

आखिरी बार साल 2018 में यूएई में एशिया कप खेला गया था, जिसमे रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को तीन विकेट से हराया था। एशिया कप के अब तक के इतिहास में भारतीय टीम सबसे सफल रही है। भारत ने अब तक सर्वाधिक सात बार एशिया कप जीता है। इसके बाद श्रीलंका पांच एशिया कप खिताब के साथ दूसरी सबसे सफल टीम है।