LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए पकिस्तानी टीम, शेड्यूल, इतिहास और अन्य जानकारी
ग्रुप-A में मौजूद है पाकिस्तानी टीम (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए पकिस्तानी टीम, शेड्यूल, इतिहास और अन्य जानकारी

Feb 02, 2026
01:41 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी सलमान आगा करेंगे। आगामी संस्करण भारत और श्रीलंका में होना है, जिसमें पाकिस्तानी टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में एक ही खिताब जीता है और सलमान अपनी टीम को दूसरी बार विश्व विजेता बनाना चाहेंगे। इस बीच पाकिस्तान की टीम, शेड्यूल और अन्य अहम बातों पर एक नजर डालते हैं।

टीम 

ऐसी है टी-20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम

पाकिस्तान ने अपनी 15 सदस्यीय टीम में तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और मोहम्मद वसीम जूनियर को शामिल नहीं किया गया है। टीम प्रबंधन ने शाहीन अफरीदी और नसीम शाह पर भरोसा जताया है। टी-20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, और उस्मान तारिक।

शेड्यूल 

ग्रुप-A में मौजूद है पाकिस्तानी टीम 

पाकिस्तान को टी-20 विश्व कप के लिए ग्रुप-A में रखा गया है। इस ग्रुप में उसके साथ सह-मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारत, नीदरलैंड्स, USA और नामीबिया की टीमें भी शामिल हैं। पाकिस्तान को 7 फरवरी को नीदरलैंड क्रिकेट टीम, 10 फरवरी को USA क्रिकेट टीम, 15 फरवरी को भारतीय क्रिकेट टीम और 18 फरवरी को नामीबिया क्रिकेट टीम से अपने ग्रुप चरण के मुकाबले खेलने हैं। पाकिस्तान के सभी मैच कोलंबो में ही खेले जाएंगे।

Advertisement

बहिष्कार 

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मुकाबले का किया है बहिष्कार 

पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में नहीं खेलती है, तो उसे 2 अंक गंवाने पड़ेंगे। इसी तरह उसकी नेट रन रेट पर भी असर पड़ेगा। ICC के नियमानुसार, टूर्नामेंट में कोई टीम मैच छोड़ती है, तो उसकी नेट रन रेट में गिरावट आएगी। टूर्नामेंट के लिए प्रति ओवर औसत रन की गणना में उस टीम की पारी में पूरे ओवर गिने जाएंगे। इसके साथ-साथ PCB को आर्थिक नुकसान भी होने की संभावना है।

Advertisement

खिताब 

2009 में पाकिस्तान ने जीता था अपना इकलौता खिताब 

पाकिस्तान ने अब तक हुए सभी 9 संस्करणों में हिस्सा लिया है, जिसमें से 2009 में टीम ने खिताब जीता था। फाइनल में पाकिस्तानी टीम ने श्रीलंका को हराया था। इसके अलावा पाकिस्तान की टीम 2007 के फाइनल में भारत के खिलाफ हारकर उपविजेता रही थी। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम अपने 4 में से सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी थी और सुपर-8 में जगह नहीं बना सकी थी।

आंकड़े 

पाकिस्तान ने जीते हैं 30 मैच

क्रिकइंफो के मुताबिक, टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम ने सभी संस्करणों (2007-2024) में कुल 51 मैच खेले हैं, जिसमें से 30 में टीम जीती और 19 में हार झेली है। इसके अलावा 2 मैच टाई रहे हैं। पाकिस्तानी टीम का सर्वोच्च टीम स्कोर 201 रन रहा है और सबसे कम स्कोर 82 है। टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान फिलहाल तीसरे सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम है।

Advertisement