पाकिस्तान ने आखिरी टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को 111 रन से हराया, 3-0 से सीरीज जीती
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 111 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। पहले मैच में पाकिस्तान को 22 और दूसरे मैच में 90 रन से जीत मिली थी। पाकिस्तान ने कंगारू टीम को 208 रन का लक्ष्य दिया था। हालांकि, कंगारू टीम 96/9 का स्कोर ही बना पाई। एडम जैम्पा चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी करने नहीं आ पाए।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सैम अयूब (56) और बाबर आजम (50) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। शादाब खान ने आखिरी ओवरों में सिर्फ 19 गेंदों का सामना करते हुए 46 रन बना दिए। जवाब में कंगारू टीम के लिए कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद नवाज ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी के खाते में 2 विकेट आए।
अर्धशतक
अयूब ने जड़ा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला अर्धशतक
अयूब ने 37 गेंदों का सामना किया और 56 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 151.35 की रही। उन्होंने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अयूब ने टी-20 करियर का छठा और कंगारू टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक 61 मुकाबले खेले हैं और इसकी 59 पारियों में 21.93 की औसत से 1,228 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 135.84 की रही है।
पारी
बाबर की पारी पर एक नजर
बाबर ने 36 गेंदों में 50 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक 138.89 की रही। यह बाबर के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 39वां अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने छठा अर्धशतक लगाया। कंगारू टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अब तक 14 मुकाबले खेले हैं और इसकी 14 पारियों में 46 की औसत से 506 रन बनाने में सफल रहे हैं। 139 मुकाबलों में इस खिलाड़ी के बल्ले से 4,505 रन निकले हैं।
रिकॉर्ड
बाबर ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
इस अर्धशकीय पारी के साथ बाबर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (38) को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में रोहित शर्मा (32) तीसरे, मोहम्मद रिजवान (30) चौथे, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर (28-28) 5वें नंबर पर हैं।
विकेट
मोहम्मद नवाज ने दूसरी बार लिया 5 विकेट हॉल
नवाज ने मैच में घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 18 रन खर्च कर 5 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 4.50 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। उन्होंने अब तक पाकिस्तान के लिए 91 मुकाबले खेले हैं और इसकी 86 पारियों में 20.76 की औसत के साथ 94 विकेट लेने में सफल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 4 मैच में 7 विकेट चटकाए हैं।