पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट में श्रीलंका को हराया, 1-0 से सीरीज की अपने नाम
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने 2 मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पाकिस्तान को जीत के लिए 91 रन चाहिए थे, जिसे टीम ने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। 2019 के बाद से दोनों टीमों के बीच 4 टेस्ट सीरीज हुई है। इनमें से 3 में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
श्रीलंका की पहली पारी महज 98 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में पाकिस्तान ने पहली पारी में 325 रन बनाए।
विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी गोरी के बल्ले से सबसे ज्यादा 54 रन निकले।
श्रीलंका की ओर से लाहिरू कुमारा ने 5 विकेट हॉल लिया। इसके बाद श्रीलंका की दूसरी पारी 316 रन पर समाप्त हुई।
इस तरह पाकिस्तान को जीत के लिए 91 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पारी
श्रीलंका की पहली पारी में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने ऐसे किया कमाल
श्रीलंका की पहली पारी में मोहम्मद अब्बास ने 14 ओवर गेंदबाजी की और 6 मेडन के साथ 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
वहीं, रजाउल्लाह ने 8 ओवर में 2 मेडन के साथ 21 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।
आमिर जमाल ने 5.3 ओवर में एक मेडन के साथ 24 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। साकिब खान को एक सफलता मिली।
श्रीलंका की ओर से कप्तान कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए।
जानकारी
गाजी ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया
पाकिस्तान के लिए पहली पारी में एकमात्र अर्धशतक गाजी ने लगाया। उन्होंने 90 गेंदों में 54 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके निकले। ये उनके टेस्ट करियर का पहला पचासा रहा। उन्होंने अब तक 3 मैचों की 5 पारियों में 157 रन बनाए हैं।
हॉल
लाहिरू ने अपने टेस्ट करियर में दूसरा 5 विकेट हॉल लिया
लाहिरू ने पाकिस्तान की पहली पारी में 21.5 ओवर गेंदबाजी की और 5 मेडन के साथ 95 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 4.40 की रही।
ये उनके टेस्ट करियर का दूसरा ही 5 विकेट हॉल साबित हुआ।
उन्होंने अब तक श्रीलंका के लिए 39 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 65 पारियों में 36.34 की औसत से 116 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/122 का रहा है।
अर्धशतक
श्रीलंका की दूसरी पारी में 3 बल्लेबाजों ने जड़े अर्धशतक
श्रीलंका की दूसरी पारी में 3 बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। कुसल मेंडिस ने 126 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाए। सोनल दिनुशा के बल्ले से 119 गेंदों में 54 रन निकले।
वहीं, मिलान प्रियनाथ रत्नायके ने 88 गेंदों में 66 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 12 चौके निकले।
कुसल के टेस्ट करियर का यह 54वां अर्धशतक रहा। दूसरी ओर, सोनल ने अपने करियर का तीसरा और मिलान ने दूसरा अर्धशतक लगाया।
स्थान
साल 2026 में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बने अब्बास
साल 2026 में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पाकिस्तान के अब्बास पहले स्थान पर हैं।
उन्होंने अब तक 39 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 20.2 की रही है।
इंग्लैंड के जोश टंग 33 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 19.7 की औसत से 32 विकेट लिए हैं। वहीं, बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज 28 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं।