एकमात्र टेस्ट: अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की धमाकेदार शुरुआत, ऐसा रहा पहले दिन का खेल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम एकमात्र टेस्ट मैच में आमने-सामने है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर 368 रन बना लिए थे। टीम की धमाकेदार शुरुआत रही। उपकप्तान केएल राहुल (100) और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने तक ऋषभ पंत (50*) और गिल (103*) नाबाद थे। अफगानिस्तान की गेंदबाजी और फील्डिंग बेहद खराब रही। आइए पहले दिन के खेल पर नजर डालते हैं।
खेल
ऐसा रहा पहले दिन का खेल
मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को पहला झटका यशस्वी जायसवाल (24) के रूप में जल्दी लग गया। इसके बाद अफगानिस्तान के फिल्डरों ने राहुल और साई सुदर्शन (81) को कई मौके दिए। दोनों ने इसका फायदा खूब उठाया। सुदर्शन के आउट होने के बाद गिल ने पारी आगे बढ़ाई। पंत ने भी इन बल्लेबाजों का अच्छा साथ निभाया। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद सलीम सैफी ने 2 विकेट लिए।
शतक
राहुल ने जड़ा 12वां टेस्ट शतक
राहुल 165 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 100 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला शतक रहा, जिसे उन्होंने 164 गेंदों में पूरा किया। सुदर्शन के साथ उन्होंने 184 गेंदों में 139 रन की साझेदारी निभाई। गिल के साथ इस खिलाड़ी ने 106 गेंदों में 67 रन जोड़े। राहुल ने 68 मैचों की 119 पारियों में 4,153 रन बना चुके हैं। उनकी औसत 36 से अधिक की रही है।
प्रथम श्रेणी
राहुल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पूरे किए 9,000 रन
अपनी पारी का तीसरा रन बनाते ही राहुल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 9,000 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने 121वें मैच की 210वीं पारी में लगभग 46 की औसत से यह कारनामा किया है। उनके बल्ले से 26 शतक और 42 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 337 रन है। घरेलू क्रिकेट में ये खिलाड़ी कर्नाटक क्रिकेट टीम के लिए खेलता है। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 148 मैच की 140 पारियों में 5,430 रन बनाए हैं।
कप्तानी
गिल ने खेली कप्तानी पारी
गिल के टेस्ट करियर का 11वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 138 गेंदों में पूरा किया। वह 103 रन बनाकर नाबाद रहे, उनके बल्ले से 11 चौके और एक छक्का निकला। इस मुकाबले में गिल ने खास उपलब्धि भी हासिल की है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान 1,000 रन पूरे कर लिए। उनके कप्तान के तौर पर 9 मैचों में 86 से अधिक की औसत से 1,040 से अधिक रन हो गए हैं।
सुदर्शन
ऐसी पहला शतक लगाने से चुके
सुदर्शन 104 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टेस्ट करियर का तीसरा और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 67 गेंदों में पूरा किया। सुदर्शन पहला शतक जड़ने से चूक गए। सुदर्शन ने अब तक 7 टेस्ट की 12 पारियों में 27.45 की औसत के साथ 383 रन बनाए। उन्होंने अब तक 3 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 रन का रहा है।
जानकारी
पंत की पारी पर एक नजर
पंत 70 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 2 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.43 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 19वां अर्धशतक रहा।