Page Loader
रोहित शर्मा और विराट कोहली को टी-20 खेलना चाहिए या नहीं? आशीष नेहरा ने दिया जवाब
विराट कोहली ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बनाए हैं 4,008 रन (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रोहित शर्मा और विराट कोहली को टी-20 खेलना चाहिए या नहीं? आशीष नेहरा ने दिया जवाब

Nov 23, 2023
08:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली लंबे समय से टी-20 क्रिकेट से दूर हैं। टी-20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में हार के बाद से ही दोनों खिलाड़ी इस प्रारूप में नहीं खेले हैं। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह दोनों खिलाड़ी अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय नहीं खेलेंगे। इस पर पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को यह प्रारूप खेलना चाहिए।

बयान

नेहरा ने कही ये बात

जियो सिनेमा पर नेहरा ने कहा, "विश्व कप 2023 में कोहली और रोहित के प्रदर्शन को देखकर चयनकर्ता आकर्षित होंगे। दोनों खिलाड़ी खेल के किसी भी प्रारूप में खेलने के लिए काफी अच्छे हैं।" उन्होंने कहा, "विराट एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन बना रहे हैं। जिस तरह से रोहित बल्लेबाजी कर रहे, किसी भी चयनकर्ता को लुभाया जा सकता। उनके बीच इस पर चर्चा हो सकती है कि कोहली और रोहित इस प्रारूप में खेलना चाहते हैं या नहीं।"

प्रदर्शन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन

विराट ने 115 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 107 पारियों में 52.73 की औसत और 137.96 की स्ट्राइक रेट से 4,008 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 37 अर्धशतक के अलावा 1 शतक भी लगाए है। उनका सर्वाधिक स्कोर 122* रन है। रोहित ने 148 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 140 पारियों में 3,853 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी औसत 31.32 की और स्ट्राइक रेट 139.24 की रही है। क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में उनके नाम 29 अर्धशतक और 4 शतक हैं।