Page Loader
रोहित शर्मा विश्व कप में भारत के लिए सबसे उम्रदराज कप्तान बने, जानिए अन्य का हाल
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रोहित शर्मा विश्व कप में भारत के लिए सबसे उम्रदराज कप्तान बने, जानिए अन्य का हाल

Oct 08, 2023
02:30 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 का आगाज भले ही 5 अक्टूबर से हो गया हो, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम अपने पहले मैच में आज (8 अक्टूबर) ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम से भिड़ रही है। टॉस के लिए मैदान पर उतरते ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, रोहित विश्व कप मैच में भारत के लिए सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं। उनकी उम्र आज 36 साल 161 दिन है।

आंकड़े

सूची में दूसरे नंबर पर अजहरुद्दीन

विश्व कप में अन्य उम्रदराज भारतीय कप्तानों की बात करें तो इस सूची में दूसरे नंबर पर मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं। 1999 विश्व कप में उनकी उम्र 36 साल 124 दिन थी। अब रोहित ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में तीसरे नंबर पर राहुल द्रविड (2007 विश्व कप, 34 साल 71 दिन), चौथे पर श्रीनिवास वेंकटराघवन (1979, 34 साल 56 दिन) और 5वें पर महेंद्र सिंह धोनी (2015, 33 साल 262 दिन) हैं।

प्रदर्शन

वनडे में रोहित का इससे पहले तक प्रदर्शन

रोहित ने साल 2007 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 251 वनडे में 48.85 की औसत और 90.53 की स्ट्राइक रेट के साथ 10,112 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका उच्चतम स्कोर 264 रन है। रोहित वनडे में अब तक 3 दोहरे शतक, 30 शतक और 52 अर्धशतक जमा चुके हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में अब तक 927 चौके और 292 छक्के भी जमाए हैं।