वनडे क्रिकेट: डरबन के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इन दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने शतक लगाए
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने सीरीज के पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 67 रन से शिकस्त दी। इस मैच में मैथ्यू ब्रीट्जके ने बेहतरीन शतक (112) लगाया। डरबन के मैदान पर खेले गए मैच में प्रोटियाज टीम ने 297/8 का स्कोर बनाया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पारी 230 रन पर सिमट गई। इस बीच डरबन के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
बोएटा डिपेनार (101 रन, 2006)
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज बोएटा डिपेनार ने 2006 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ शतक लगाया था।
डरबन के मैदान पर उन्होंने 145 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए थे। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए थे।
उनके शतक की मदद से मेजबान टीम ने उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 246/9 का स्कोर बनाया था।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एक विकेट से मैच जीता था।
#2
डेविड मिलर (118* रन, 2016)
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज डेविड मिलर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में कुल 3 शतक लगाए हैं। उन्होंने 2016 में डरबन के मैदान पर अविश्वसनीय पारी खेली थी।
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 371/6 का स्कोर बनाया था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मिलर ने 79 गेंदों में नाबाद 118 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे।
उनकी पारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने जीत दर्ज की थी।
#3
मैथ्यू ब्रीट्जके (112 रन, 2026)
ब्रीट्जके ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
वह 106 गेंदों में 14 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 112 रन बनाकर आउट हुए।
यह उनके वनडे करियर का कुल दूसरा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला ही शतक साबित हुआ।
उनके शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 297/8 का स्कोर बनाया और आखिरकार 67 रन से जीत हासिल की।
जानकारी
इस सूची में शामिल हुए ब्रीट्जके
ब्रीट्जके नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में शतक लगाने वाले 5वें बल्लेबाज बने। उनसे पहले एबी डिविलियर्स (136* रन, 2014), रिले रूसो (122 रन, 2016), फाफ डु प्लेसिस (125 रन, 2018) और एडेन मार्कराम (102* रन, 2023) ऐसा कर चुके हैं।