दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया: मैथ्यू ब्रीट्जके ने वनडे में अपना दूसरा शतक लगाया, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के मैथ्यू ब्रीट्जके ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में शतक (112) लगाया। यह उनके वनडे करियर का कुल दूसरा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला ही शतक साबित हुआ। यह ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली तीसरी 50+ रन की पारी रही। इस बीच उन्होंने मार्को यानसेन के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही ब्रीट्जके की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने जब 29 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब ब्रीट्जके क्रीज पर आए।
उन्होंने बावुमा के साथ मिलकर 54 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने यानसेन के साथ मिलकर 106 रन की साझेदारी निभाई।
एक छोर से टिककर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 100 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
वह 106 गेंदों में 14 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 112 रन बनाकर आउट हुए।
जानकारी
दक्षिण अफ्रीका ने बनाया अच्छा स्कोर
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 297/8 का स्कोर बनाया। ब्रीट्जके के अलावा मार्को यानसेन ने 75 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया से नाथन एलिस ने 3 विकेट लिए।
आंकड़े
नंबर-4 पर शतक लगाने वाले 5वें दक्षिण अफ्रीकी बने ब्रीट्जके
ब्रीट्जके नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में शतक लगाने वाले 5वें बल्लेबाज बने।
उनसे पहले एबी डिविलियर्स (136* रन, हरारे, 2014), रिले रूसो (122 रन, केप टाउन, 2016), फाफ डु प्लेसिस (125 रन, होबार्ट, 2018) और एडेन मार्कराम (102* रन, पोटचेफस्ट्रूम, 2023) ऐसा कर चुके हैं।
वह डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले तीसरे दक्षिण अफ्रीकी बने।
इससे पहले 2006 में बोएटा डिपेनार (101) और 2016 में डेविड मिलर (118*) ने शतक लगाए थे।
करियर
ऐसा है ब्रीट्जके का वनडे करियर
ब्रीट्जके ने अपना पहला वनडे मुकाबला फरवरी 2025 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 15 मैचों की 14 पारियों में लगभग 65 की औसत के साथ 800 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस बीच उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 150 रन रहा है।
ब्रीट्जके ने दक्षिण अफ्रीका की ओर से 2 टेस्ट और 13 टी-20 भी खेले हैं।
आंकड़े
ब्रीट्जके ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया है कमाल
क्रिकइंफो के मुताबिक, ब्रीट्जके ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 85.66 की औसत और 107.08 की स्ट्राइक रेट के साथ 257 रन बनाए हैं।
उन्होंने तीनों पारियों में 50+ रन के स्कोर किए हैं।
इस मैच से पहले उन्होंने 2025 में केर्न्स में खेले गए वनडे में 57 रन बनाए थे। इसके बाद मैके में खेले गए वनडे मैच में 88 रन की पारी खेली थी।