नॉर्वे चेस 2026: आर प्रगनानंदा ने मैग्नस कार्लसन को दूसरी बार हराकर रचा इतिहास
क्या है खबर?
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंदा ने नॉर्वे चेस 2026 में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को दूसरी बार हराते हुए इतिहास रच दिया। इस यादगार जीत के साथ ही प्रगनानंदा, विश्वनाथन आनंद के बाद भारत के दूसरे ऐसे ग्रैंडमास्टर बने हैं, जिन्होंने कार्लसन को एक ही टूर्नामेंट में क्लासिकल गेम्स में 2 बार हराने का कारनामा किया है। इसके साथ-साथ प्रगनानंदा इस दिग्गज को क्लासिकल गेम्स में कुल 3 बार हराने वाले ग्रैंडमास्टर बने हैं।
मैच
काले मोहरों के साथ आठवें राउंड में जीते प्रगनानंदा
प्रगनानंदा ने नॉर्वे चेस 2026 के चौथे राउंड में सफेद मोहरों के साथ कार्लसन को हराया था और इसके बाद आठवें राउंड में काले मोहरों के साथ उन्हें मात दी। 8वें राउंड में दोनों ग्रैंडमास्टर के बीच एक जोरदार मुकाबला रहा, जिसमें प्रगनानंदा ने कार्लसन पर लगातार दबाव बनाए रखा। आखिरकार समय की कमी के चलते कार्लसन ने एक बड़ी गलती कर दी और मैच हार गए।
कार्लसन
कार्लसन की उम्मीदों को लगा झटका
इस जीत ने 20 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर को 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया। दूसरी तरफ इस हार से कार्लसन की इस टूर्नामेंट को जीतने की उम्मीदों पर करारा झटका लगा है। अब सिर्फ 2 राउंड का खेल बचा हुआ है और ऐसे में मौजूदा चैंपियन का खिताब बचाना अब बहुत मुश्किल हो गया है। बता दें कि कार्लसन 7 बार इस टूर्नामेंट को जीत चुके हैं।
अंक तालिका
अमेरिका के वेस्ली सो हैं शीर्ष पर
नॉर्वे चेस में अंक तालिका दिलचस्प हो गई है। 8 राउंड की समाप्ति के बाद अमेरिका के वेस्ली सो 14 अंको के साथ शीर्ष पर हैं। उन्होंने टाई-ब्रेक में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराकर अपनी बढ़त को मजबूत किया है। फ्रांस के अलीरेजा फिरोजजा मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को अपने क्लासिकल मुकाबले में मात देकर 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए। कार्लसन पांचवें और गुकेष छठे पायदान पर है।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
Wesley So continues to lead the @NorwayChess event! pic.twitter.com/iT1YLkkKEy
— Chess.com - India (@chesscom_in) June 3, 2026