Page Loader
ISL 2018-19: सेमीफाइनल के पहले लेग में नॉर्थईस्ट ने बेंगलुरु FC को 2-1 से हराया

ISL 2018-19: सेमीफाइनल के पहले लेग में नॉर्थईस्ट ने बेंगलुरु FC को 2-1 से हराया

लेखन Neeraj Pandey
Mar 08, 2019
10:57 am

क्या है खबर?

इंडियन सुपर लीग (ISL) में बेंगलुरु FC और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के बीच खेले गए सेमीफाइनल के पहले लेग में नॉर्थईस्ट ने 2-1 से जीत हासिल की है। अंक तालिका में सबसे ऊपर रही और पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाली बेंगलुरु सेमीफाइनल में बेरंग दिखी और उन्हें पहले लेग में हार झेलनी पड़ी। हालांकि, बेंगलुरु के पास एक अवे गोल है और उनके पास होम लेग में इस परिणाम को बदलने का मौका भी है।

पहला हाफ

पहले हाफ में ही नॉर्थईस्ट ने ली बढ़त

मैच की शुरुआत से ही नॉर्थईस्ट ने होम क्राउड के सामने बढ़िया प्रदर्शन किया। उनके लिए इस सीजन सबसे ज़्यादा गोल करने वाले बर्थालोमेव ओग्बेछे ने काफी प्रभावित किया। 20वें मिनट में रीडम टलेंग ने शानदार गोल दागते हुए नॉर्थईस्ट को बढ़त दिला दी थी। हालांकि, नॉर्थईस्ट के लिए पहला हाफ दुर्भाग्यशाली भी रहा क्योंकि उनके सबसे बेस्ट गोलस्कोरर ओग्बेछे को चोट के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा। बेंगलुरु की वापसी की कोशिशें भी बेकार जा रही थीं।

दूसरा हाफ

दूसरा हाफ रहा काफी रोमांचक

दूसरे हाफ में बेंगलुरु हावी होती नजर आई और अपने अंदाज के अनुरूप 75वें मिनट के बाद वे काफी खतरनाक हो गए। 82वें मिनट में सब्सीट्यूट के तौर पर मैदान में सिस्को ने सुनील छेत्री के असिस्ट पर रनिंग गोल दागते हुए स्कोर बराबर कर दिया। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला ड्रॉ हो जाएगा और बेंगलुरु महत्वपूर्ण अवे गोल के साथ घर लौटेगी, लेकिन अतिरिक्त समय में नॉर्थईस्ट को पेनल्टी मिली जिसे गोल में तब्दील करके उन्होंने मैच जीता।

सेकेंड लेग

सोमवार को खेला जाएगा सेकेंड लेग

नॉर्थईस्ट के घर में 2-1 की हार झेलने के बाद सोमवार, 11 मार्च को बेंगलुरु अपने घर में सेकेंड लेग के लिए नॉर्थईस्ट की मेज़बानी करेगा। सेमीफाइनल जीतने के लिए या तो नॉर्थईस्ट को गोलरहित ड्रॉ खेलना पड़ेगा या फिर उन्हें हर हाल में अवे गोल हासिल करना पड़ेगा। बेंगलुरु के पास अवे गोल हाै तो यदि वे होम लेग को 1-0 से जीतते हैं तो भी वे सेमीफाइनल मुकाबला जीत लेंगे।

नॉर्थईस्ट यूनाइटेड

इतिहास रचने की कगार पर है नॉर्थईस्ट

ISL के पहले सीजन से ही खेल रही नॉर्थईस्ट का लीग रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है। पिछले सीजन टीम ने बेहद खराब प्रदर्शन किया था। इसके अलावा लीग के पहले सीजन में भी टीम आखिरी स्थान पर रही थी। इस सीजन से पहले नॉर्थईस्ट दो बार प्ले-ऑफ में पहुंचने का मौका गंवा चुकी थी। हालांकि, इस बार उनके पास लीग के फाइनल में पहुंचने और लीग जीतने का मौका है। यदि वे सफल हो जाते हैं तो इतिहास बन जाएगा।