ICC टी-20 प्लेयर ऑफ द ईयर: 2021 के लिए मोहम्मद रिजवान समेत ये खिलाड़ी हुए नामांकित

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को 'टी-20 प्लेयर ऑफ द ईयर' के लिए नामांकित किया है। रिजवान के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिचेल मार्श, इंग्लिश विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर और श्रीलंकाई ऑलराउंडर वानिंदू हसरंगा भी इस पुरस्कार के लिए नामित हुए हैं। ICC द्वारा इस पुरस्कार की घोषणा 24 जनवरी, 2022 को की जाएगी। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिजवान इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 29 टी-20 में 73.66 की औसत से 1,326 रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल के दौरान 1,000 रन पूरे करके उपलब्धि हासिल की थी। रिजवान ने इस साल 104* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ एक शतक और 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने 2021 में सबसे ज्यादा 42 छक्के भी लगाए हैं।
मोहम्मद रिजवान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल 1,000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनके बाद इस सूची में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम हैं, जिन्होंने 939 रन बनाए हैं।
वानिंदू हसरंगा का इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में व्यक्तिगत प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 2021 में 20 मैचों में 11.63 की औसत से कुल 36 विकेट लिए। दूसरी तरफ बल्ले से उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से 196 रन बनाए। टी-20 विश्व कप 2021 में हसरंगा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने विश्व कप में 9.75 की औसत से 16 विकेट लिए और बल्ले से 119 रन बनाए थे।
इस साल मिचेल मार्श ने 27 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 36.88 की औसत से 627 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में 18.37 की औसत से आठ विकेट झटके। इस साल ऑस्ट्रेलिया ने मार्श को टी-20 टीम में नंबर तीन पर बल्लेबाजी का मौका दिया, जहां पर उन्होंने छाप छोड़ी। टी-20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मार्श ने अर्धशतक (50 गेंदों में 77* रन) लगाकर टीम को जीत दिलाई थी।
जोस बटलर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल 14 मैचों में 65.44 की औसत से 589 रन अपने नाम किए हैं। इसके अलावा विकेटकीपिंग में उन्होंने 13 शिकार भी किए हैं। UAE में खेले गए टी-20 विश्व कप 2021 में बटलर शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने विश्व कप 2021 में 89.66 की अविश्वसनीय औसत से 269 रन बनाए थे, जो कि इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक थे।
रविचंद्रन अश्विन को इस साल 'टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर' के लिए नामांकित किया है। अश्विन के अलावा इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट, श्रीलंका के टेस्ट कप्तान दिमुथ करुणारत्ने और न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर काइल जैमिसन भी इस पुरस्कार के लिए नामित हुए हैं।