न्यूजबाइट्स हिंदी की साल 2022 की सर्वश्रेष्ठ टी-20 एकादश, बटलर के हाथों में कमान
क्या है खबर?
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट साल 2022 में पूरी तरह केंद्र में रहा है।
इस साल हुए टी-20 विश्व कप ने इस प्रारूप की लोकप्रियता को और ऊंचा कर दिया।
इस विश्व कप में सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन बल्लेबाजी के साथ जोस बटलर के नेतृत्व में इंग्लैंड को अपना दूसरा ICC टी-20 विश्व कप खिताब जीतते देखा गया।
ऐसे में न्यूजबाइट्स हिंदी ने भी साल 2022 की सर्वश्रेष्ठ टी-20 एकादश का चयन करते हुए उसकी कमान बटलर के हाथों में सौंपी है।
ओपनर
ओपनर के रूप में बटलर और रिजवान ने बनाई जगह
न्यूजबाइट्स हिंदी की एकादश में बटलर और पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ओपनर बल्लेबाज के रूप में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
बटलर ने इस साल 15 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों 35.53 की औसत और 160.41 के स्ट्राइक रेट से 462 रन बनाए हैं। इसी तरह उनके सलामी जोड़ीदार रिजवान का प्रदर्शन भी बेहतरीन रहा है।
वह पूरे साल में 45.27 की औसत से 996 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं।
विराट कोहली
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी में सबसे बेहतर रहे हैं विराट कोहली
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भारत के विराट कोहली सबसे बेहतर विकल्प रहे हैं। उन्होंने टी-20 और वनडे अंतरराष्ट्रीय में अपनी फॉर्म वापस हासिल कर ली है।
वह अब टी-20 विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक रन (27 मैचों में 1,141) बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने महेला जयवर्धने (1,016) को पीछे छोड़ा है।
कोहली 4,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2022 में टी-20 में 55.78 की और से 781 रन बनाए हैं।
सूर्यकुमार
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी में सर्वश्रेष्ठ रहे हैं सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव और उनके बल्लेबाजी करने की शैली ने 2022 में सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। वह इस वर्ष 1,000 से अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे हैं।
उन्होंने 187.43 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 1,164 रन बनाए हैं। वह रोहित (2018) के बाद एक कैलेंडर वर्ष में दो टी-20 शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय हैं।
दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले सूर्यकुमार चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने में सर्वश्रेष्ठ रहे हैं।
मध्यमक्रम
मध्यमक्रम में डेविड मिलर हैं तुरूप का पत्ता
दक्षिण अफ्रीका के बांए हाथ के बल्लेबाज डेविड मिलर मध्यमक्रम में बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं।
उन्होंने 111 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 34.66 के शानदार औसत और 144.33 के स्ट्राइक रेट से 2,149 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और छह अर्धशतक भी बनाए हैं।
उन्होंने इस साल 16 टी-20 मैचों में 60.16 की औसत और 164.84 के स्ट्राइक रेट से 361 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है।
ऑलराउंडर
आलराउंडर्स में पांड्या, कर्रन और रजा को मिली जगह
हार्दिक पांड्या 2022 में सबसे शानदार टी-20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए चौथा सबसे अधिक रन (607) बनाए और 20 विकेट लिए हैं।
इंग्लैंड के सैम कर्रन ने भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह टी-20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे।
जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा बेहतरीन ऑफ स्पिनर होने के साथ धमाकेदार बल्लेबाजी भ्ज्ञी करते हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए सर्वाधिक 735 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी
गेंदबाजों में इन्हें मिली है जगह
भारत के स्विंग तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार साल 2022 में सबका ध्यान खींचा है।
वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से सबसे अधिक 37 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। इनमें से 21 विकेट तो पावरप्ले में लिए गए हैं।
इसी तरह अर्शदीप सिंह ने विश्वकप में सबको प्रभावित किया है।
उन्होंने 21 टी-20 मैचों में 33 विकेट अपने नाम किए हैं। श्रीलंका के वानिंदु हरसंरा (34 विकेट) लेग स्पिनर के रूप में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
जानकारी
साल 2022 के लिए न्यूजबाइट्स हिंदी की सर्वश्रेष्ठ एकादश
साल 2022 के लिए न्यूजबाइट्स हिंदी की सर्वश्रेष्ठ टी-20 एकादश इस प्रकार है:- जोश बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), मोहम्मद रिजवान, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, डेविड मिलर, सिकंदर रजा, हार्दिक पांड्या, सेम कर्रन, भुवनेश्वर कुमार, वानिंदु हसरंगा, अर्शदीप सिंह।