न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका: टी-20 सीरीज की टीम, शेड्यूल और अन्य अहम जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम उपविजेता रही थी। भारत के खिलाफ फाइनल में हारकर कीवी टीम खिताब नहीं जीत सकी थी। अब न्यूजीलैंड की टीम दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 15 मार्च से टी-20 सीरीज खेलेगी। प्रोटियाज टीम केशव महाराज की कप्तानी में चुनौती पेश करेगी। टी-20 विश्व कप में कप्तानी करने वाले एडेन मार्करम न्यूजीलैंड सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इस सीरीज से जुड़ी सभी जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
दक्षिण अफ्रीका
ऐसी है दक्षिण अफ्रीका की टीम
दक्षिण अफ्रीका की टीम में कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, ईथन बॉश और नकोबानी मोकोएना के रूप में 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टी-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम: केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी, टोनी डी जोरजी, कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमेलेन, लुथो सिपामला, प्रेनेलन सुब्रायन और जेसन स्मिथ।
न्यूजीलैंड
शुरुआती 3 मैचों के लिए उपलब्ध होंगे मिचेल सैंटनर
मिचेल सैंटनर शुरुआती 3 मैचों के लिए उपलब्ध होंगे। उनकी गैरमौजूदगी में आखिरी 2 मैचों में टॉम लैथम कप्तानी करेंगे। सैंटनर के अलावा डेवॉन कॉनवे, लॉकी फर्ग्यूसन पहले 3 मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, काइल जैमीसन, कोल मैककोन्ची, जिमी नीशम, बेन सियर्स और ईश सोढ़ी पूरी सीरीज के लिए चुने गए हैं। केटीन क्लार्क, डेन क्लीवर, लैथम और जेडन लेनोक्स सिर्फ आखिरी 2 टी-20 मैचों के लिए उपलब्ध होंगे।
न्यूजीलैंड
ऐसी है न्यूजीलैंड की टीम
टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली न्यूजीलैंड की टीम के 8 खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए चुने गए हैं। न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), केटीन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, डेन क्लीवर (विकेटकीपर), डेवॉन कॉनवे (विकेटकीपर), लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फाउल्केस, बेवॉन जैकब्स, काइल जैमीसन, निक केली, टॉम लैथम (विकेटकीपर), जेडन लेनोक्स, कोल मैककोन्ची, जिमी नीशम, टिम रॉबिन्सन, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, और ईश सोढ़ी।
शेड्यूल
15 मार्च से शुरू होगी टी-20 सीरीज
15 मार्च को बे ओवल में होने वाले मैच से टी-20 सीरीज की शुरुआत हो जाएगी। इसके बाद 17 मार्च को सेडन पार्क में दूसरे मैच में दोनों टीमें आपस में भिड़ेंगी। इस सीरीज का तीसरा मुकाबला 20 मार्च को ईडन पार्क में और चौथा मैच 22 मार्च को वेलिंग्टन में खेला जाना है। सीरीज का आखिरी मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में खेला जाना है।
हेड-टू-हेड
दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा रहा है भारी
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2005 में खेला गया था। दोनों टीमों के बीच अब तक 20 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान प्रोटियाज टीम ने 12 मैच जीते हैं। वहीं, कीवी टीम को सिर्फ 8 मैचों में ही जीत मिल पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 विश्व कप 2026 में खेला गया था, जिसे न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से जीता था।