न्यूजीलैंड बनाम भारत: ईशान किशन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया 14वां अर्धशतक, 2,000 रन पूरे किए
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज ईशान किशन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें टी-20 मैच में 61 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां और न्यूजीलैंड के विरुद्ध तीसरा अर्धशतक रहा। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 2,000 रन भी पूरे किए। यह मौजूदा सीरीज में उनके बल्ले से निकलने वाली पहली 50+ रन की पारी रही। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही किशन की पारी
भारत को 2 रन के स्कोर पर जब पहला झटका लगा, तब किशन क्रीज पर आए।
उन्होंने जैकब डफी के ओवर में चौका और छक्का लगाते हुए अच्छी लय के संकेत दिए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 32 गेंदों में 5 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 93 रन की साझेदारी भी की।
रन
किशन ने पूरे किए अपने 2,000 रन
किशन ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 2,000 रन पूरे किए। वह भारत की ओर से इस आंकड़े को छूने वाले 7वें बल्लेबाज बने।
उनसे पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा ऐसा कर चुके थे।
किशन ने 1,345 गेंदों में अपने 2,000 रन पूरे किए। वह भारत की ओर से तीसरे सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचे।
अभिषेक शर्मा (1,024) और सूर्यकुमार यादव (1,164) उनसे तेज ऐसा कर चुके हैं।
करियर
ऐसा है किशन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
किशन ने साल 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 69 मैच खेल चुके हैं और इसकी 69 पारियों में 31.01 की औसत और 149.22 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,016 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 14 अर्धशतकों के अलावा एक शतक भी जड़ा है।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 103 रन का है, जो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही बनाया था।