Loading...
भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार मिली
न्यूजीलैंड ने जीता मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार मिली

Nov 13, 2026
02:01 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के चौथे वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम को 244 रन से हराया। बे ओवल में खेले गए मैच में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद सभी विकेट खोकर 333 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 89 रन पर सिमट गई। इस हार के बावजूद भारत ने सीरीज में फिलहाल 2-1 से बढ़त बनाई हुई है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम 

न्यूजीलैंड को विल यंग (125) और टिम साइफर्ट (58) ने अच्छी शुरुआत दिलाई।

इसके बाद फिन एलन ने 30 गेंदों में 41 रन बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। भारत से गुरनूर बरार, अक्षर पटेल, और आकिब नबी ने 2-2 विकेट लिए।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 9 रन तक अपने 4 विकेट खो दिए। इसके बाद भी भारतीय बल्लेबाज निरंतर आउट होते चले गए। मैट हेनरी ने 6 विकेट लिए।

यंग

यंग ने वनडे करियर का 5वां शतक लगाया

यंग जब 5 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब उन्हें आकिब नबी के ओवर में 2 जीवनदान मिले।

न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर के दौरान नबी की गेंद पर स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने उनका कैच छोड़ा। इसके अगली ही गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन उनका कैच नहीं ले सके।

इन मौकों का यंग ने भरपूर फायदा उठाते हुए पारी को शतक में तब्दील किया। वह 108 गेंदों में 125 रन बनाकर आउट हुए।

ADVERTISEMENT

अर्धशतक 

साइफर्ट ने बनाया ये रिकॉर्ड 

साइफर्ट ने पारी के 10वें ओवर के दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया।

क्रिकबज के मुताबिक, वह भारत के खिलाफ वनडे मैच में पहले 10 ओवरों के भीतर 50 रन तक पहुंचने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बने हैं।

इससे पहले भारत के खिलाफ शुरुआती 10 ओवर में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले कीवी खिलाड़ी ब्रायन यंग थे, जिन्होंने जनवरी 1999 में वेलिंगटन में 35 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए थे।

ADVERTISEMENT

हेनरी 

हेनरी ने अपने पहले ही ओवर में लिए 3 विकेट

बे ओवल के मैदान पर मैट हेनरी ने अपनी पहली ही गेंद (0.1 ओवर) पर रोहित शर्मा को स्लिप पर खड़े फिन एलन के हाथों कैच आउट कराया।

उसी ओवर की 5वीं गेंद पर हेनरी ने विराट कोहली को बोल्ड करते हुए दोहरा झटका दिया। अगली ही गेंद पर हेनरी ने कप्तान श्रेयस अय्यर को LBW करते हुए भारत को बैकफुट में धकेल दिया।

उन्होंने अपने 9.4 ओवर में 27 रन देकर 6 विकेट लिए।

भारत 

ये अनचाहा रिकॉर्ड बनाने वाली चौथी टीम बनी भारत

भारत अब वनडे क्रिकेट में कुल ऐसी चौथी टीम बनी है, जिसने बिना कोई रन बनाए अपने शीर्षक्रम के 3 विकेट खोए हैं।

इससे पहले पाकिस्तान (2 बार), ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश की टीमें ये अनचाहा रिकॉर्ड बना चुकी थी। पाकिस्तान ने विश्व कप 1983 में न्यूजीलैंड के खिलाफ और 1997 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध ऐसा किया था।

बांग्लादेश ने विश्व कप 2003 में श्रीलंका खिलाफ और ऑस्ट्रेलिया ने 2026 में बांग्लादेश के विरुद्ध ऐसा किया था।

रिकॉर्ड्स 

रोहित और कोहली ने बनाए ये अनचाहे रिकॉर्ड्स

रोहित अब वनडे पारी की पहली गेंद पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए हैं। सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग 3-3 बार ऐसा कर चुके हैं।

वहीं, रोहित, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, क्रिस श्रीकांत और मनोज प्रभाकर एक-एक बार ऐसा कर चुके हैं। कोहली वनडे में कुल 20वीं बार शून्य पर आउट हुए।

वह वनडे में भारत के लिए सर्वाधिक बार डक पर होने वाले बल्लेबाज (सचिन तेंदुलकर के साथ संयुक्त रूप से) बने हैं।

जानकारी

भारत को वनडे में मिली अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार

रनों के लिहाज से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है। क्रिकइंफो के मुताबिक, भारत की सबसे बड़ी हार श्रीलंका के खिलाफ 245 रन (2000 में) की है।

ADVERTISEMENT