टिम साइफर्ट ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे में लगाया अर्धशतक, हासिल की ये उपलब्धि
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के विकेटकीर बल्लेबाज टिम साइफर्ट ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के चौथे वनडे मैच में 58 रन की पारी खेली। बे ओवल में खेलते हुए उन्होंने अपने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। इस बीच उन्होंने विल यंग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 85 रन की उपयोगी साझेदारी की। आइए उनकी अर्धशतकीय पारी और वनडे क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही साइफर्ट की पारी
साइफर्ट ने पारी का दूसरा ओवर करने आए आकिब नबी के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर अच्छी फॉर्म में संकेत दिए।
इसके बाद उन्होंने गुरनूर बरार के ओवर में 2 चौके और एक छक्का लगाया।
आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 48 गेंदों में 58 रन की पारी खेलकर बरार की गेंद पर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए।
उपलब्धि
साइफर्ट ने बनाया ये रिकॉर्ड
साइफर्ट ने पारी के 10वें ओवर के दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया।
क्रिकबज के मुताबिक, वह भारत के खिलाफ वनडे मैच में पहले 10 ओवरों के भीतर 50 रन तक पहुंचने वाले न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बने हैं।
इससे पहले भारत के खिलाफ शुरुआती 10 ओवर में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले कीवी खिलाड़ी ब्रायन यंग थे, जिन्होंने जनवरी 1999 में वेलिंगटन में 35 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए थे।
करियर
ऐसा है साइफर्ट का वनडे करियर
साइफर्ट ने 2019 में अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी। वह 50 ओवर प्रारूप में न्यूजीलैंड के नियमित सदस्य नहीं बन सके हैं।
उन्होंने अब तक 8 वनडे मैच खेले हैं, जिसकी 6 पारियों में उन्होंने 25.83 की औसत और 101.97 की स्ट्राइक रेट के साथ 155 रन बनाए हैं।
वह एक पारी में बिना खाता खोले भी आउट हुए हैं।
उन्होंने भारत के विरुद्ध 4 वनडे पारियों में 32.00 की औसत से 96 रन बनाए हैं।