Page Loader
चैंपियंस ट्रॉफी 2025, भारत बनाम न्यूजीलैंड: दुबई क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल 
भारतीय टीम आखिरी ग्रुप मुकाबला जीतना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

चैंपियंस ट्रॉफी 2025, भारत बनाम न्यूजीलैंड: दुबई क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल 

Mar 01, 2025
05:04 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 12वां मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा। यह मैच 2 मार्च (रविवार) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस टूर्नामेंट का मेजबान पाकिस्तान है, लेकिन भारत अपने सभी मुकाबले दुबई में खेल रहा है। अब तक इन दोनों टीमों का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में कमाल का रहा है। इस बीच मैदान की पिच रिपोर्ट, मौसम का हाल और प्रमुख आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

आंकड़े

दुबई में कैसा रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन? 

भारतीय टीम ने इस मैदान पर 8 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को 7 में जीत मिली है और 1 मैच टाई पर समाप्त हुआ है। न्यूजीलैंड ने दुबई क्रिकेट स्टेडियम में पहला वनडे मुकाबला 2014 में खेला था। उन्होंने यहां अब तक 2 वनडे मैच खेले हैं। 1 मैच में उसे हार मिली है और 1 मुकाबले में कोई नतीजा नहीं निकला है। आखिरी बार वह इस मैदान पर साल 2018 में खेलते हुए नजर आए थे।

पिच

कैसा है पिच का मिजाज? 

दुबई की पिच स्पिन गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंदों के साथ तेज गेंदबाजों को अच्छी शुरुआत मिल सकती है। खेल आगे बढ़ने के साथ स्पिनर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। रन बनाने के लिए बल्लेबाजों को अपनी नजरें जमानी होगी। इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। यहां 60 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से 36 बार दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है।

मौसम

ऐसा रहेगा मौसम 

दुबई में यह मुकाबला दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा, जो रात तक खेला जाएगा। एक्यूवेदर के मुताबिक, 2 मार्च को बारिश की कोई भी संभावना नहीं है। इस दिन अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक रहने की उम्मीद है।

सक्रिय 

इन सक्रिय भारतीय खिलाड़ियों का रहा है बेहतर प्रदर्शन 

सक्रिय भारतीय बल्लेबाजों में रोहित शर्मा ने यहां 7 मैच की 7 पारियों में 75.60 की औसत के साथ 378 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111* रन रहा है। विराट कोहली ने यहां 2 मैच में 122 रन बनाए हैं। कुलदीप यादव ने इस मैदान पर 8 वनडे मुकाबले खेले हैं और 13 विकेट झटके हैं। रविंद्र जडेजा ने यहां 6 मैच में 8 विकेट अपने नाम किए हैं।

अन्य

दुबई स्टेडियम के अन्य आंकड़े 

दुबई क्रिकेट स्टेडियम में एक साथ बैठकर 25,000 दर्शक मैच का आनंद ले सकते हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 355/5 रन रहा है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ये स्कोर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2015 में बनाया था। यहां सबसे छोटा स्कोर नामीबिया के नाम है। साल 2023 में वह UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 91 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। 4 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला सेमीफाइनल भी यहीं खेला जाएगा।