LOADING...
भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अजेय है न्यूजीलैंड, ICC फाइनल में 2 बार हराया
भारत के खिलाफ ICC टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के आंकड़े शानदार हैं (फाइल तस्वीर)

भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अजेय है न्यूजीलैंड, ICC फाइनल में 2 बार हराया

Mar 06, 2026
01:00 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा। खिताबी मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि भारतीय टीम ने इंग्लैंड को मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। फाइनल से पहले कीवी टीम का पलड़ा भारी लग रहा है। टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड भारत से नहीं हारा है और उसने अपनी दोनों ICC ट्रॉफी भी भारत को हराकर ही जीती हैं।

ICC

भारत को हराकर 2 ट्रॉफी जीत चुकी है न्यूजीलैंड 

न्यूजीलैंड ने अब तक 2 ICC ट्रॉफी जीती है और दिलचस्प बात यह है कि दोनों बार फाइनल में उसने भारत को हराया है। साल 2000 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में न्यूजीलैंड ने 49.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। वहीं, 2021 के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में कीवी टीम ने भारत को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था।

हेड-टू-हेड

टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई भारत 

टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले हुए हैं। इन सभी मैचों में कीवी टीम को ही जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 2007 में खेला गया था, जिसे न्यूजीलैंड ने 10 रन से जीता था। दूसरी भिड़ंत साल 2016 में हुई थी। उस मुकाबले को कीवी टीम ने 47 रन से जीता था। आखिरी बार 2021 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ और न्यूजीलैंड को 8 विकेट से जीत मिली थी।

Advertisement

पहली

ऐसा करने वाली पहली टीम होगी भारत और न्यूजीलैंड 

भारत और न्यूजीलैंड तीनों प्रारूपों में किसी ICC ट्रॉफी के फाइनल में आमने-सामने होने वाली पहली टीमें बनेंगी। साल 2021 में दोनों टीमों के बीच WTC फाइनल खेला गया था। इसके बाद 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल (वनडे) में भी भारत और न्यूजीलैंड का आमना-सामना हुआ, जहां भारतीय टीम ने कीवी टीम को 4 विकेट से हराया था। अब दोनों टीमें टी-20 विश्व कप के फाइनल में एक बार फिर खिताब के लिए भिड़ने जा रही हैं।

Advertisement

न्यूजीलैंड

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का पलड़ा है भारी 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला साल 2007 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 30 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 16 मैच में जीत मिली है। 11 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 3 मैच टाई पर समाप्त हुआ है। दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा स्कोर 271 रन रहा है। वहीं, सबसे छोटा स्कोर 79 रन है।

Advertisement