Loading...
न्यूजीलैंड के बेवन जैकब्स ने लिस्ट-A मैच में लगाए 21 छक्के, विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूके
जैकब्स ने लगाया दोहरा शतक (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

न्यूजीलैंड के बेवन जैकब्स ने लिस्ट-A मैच में लगाए 21 छक्के, विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूके

Nov 12, 2026
01:39 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के आक्रामक बल्लेबाज बेवन जैकब्स ने अपने लिस्ट-A करियर में दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया। इस समय खेली जा रही फोर्ड ट्रॉफी के मुकाबले में ऑकलैंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने ओटागो के खिलाफ नाबाद 202 रन बनाए। यह उनके लिस्ट-A करियर का पहला ही दोहरा शतक साबित हुआ। उन्होंने अपनी इस अविश्वसनीय पारी में 21 छक्के लगाए। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

पारी 

जोरदार रही जैकब्स की पारी 

ऑकलैंड की ओर से खेलते हुए जैकब्स ने 132 गेंदों में नाबाद 202 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 21 छक्के शामिल रहे।

ओटागो के खिलाफ नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने दोहरा शतक लगाया।

उनकी पारी की मदद से ऑकलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 334/8 का स्कोर बनाया।

जवाब में ओटागो ने 49.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल किया।

जैकब्स का दोहरा शतक भी जीत नहीं दिला सका।

छक्कों 

छक्कों के विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूके 

जैकब्स अब लिस्ट-A क्रिकेट की एक पारी में दूसरे सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने। बता दें कि यह विश्व रिकॉर्ड डार्सी शॉर्ट के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने 2018 में क्वींसलैंड के खिलाफ 23 छक्के लगाए थे।

इन दोनों के अलावा किसी अन्य बल्लेबाज ने एक पारी में 20 छक्के नहीं लगाए हैं।

इस सूची में तीसरे सर्वाधिक छक्के वाले खिलाड़ी नामीबिया के गेरी स्नाइमैन (17 छक्के बनाम UAE, 2007) और इयोन मॉर्गन (17 छक्के बनाम अफगानिस्तान, 2019) हैं।

ADVERTISEMENT

दोहरा शतक 

लिस्ट-A क्रिकेट में दोहरा शतक वाले चौथे कीवी बल्लेबाज बने जैकब्स

दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज जैकब्स अब लिस्ट-A क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के सिर्फ चौथे बल्लेबाज बने हैं।

उनसे पहले जेमी हाऊ, मार्टिन गुप्टिल, और चैड बोव्स ऐसा कर चुके थे।

इनमें से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोहरा शतक सिर्फ गुप्टिल (बनाम वेस्टइंडीज, 2015) ने लगाया हुआ था।

वहीं, हाऊ ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स की ओर से और बोव्स ने कैंटरबरी का प्रतिनिधित्व करते हुए ऐसा किया है।

ADVERTISEMENT

सीरीज 

टी-20 सीरीज में खेलते हुए दिखे थे जैकब्स 

जैकब्स हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने सीरीज में क्रमशः 31, 58, 39*, 7 और 1 रन के स्कोर किए थे।

न्यूजीलैंड की ओर से उन्होंने 16 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 31.90 की औसत और 144.34 की स्ट्राइक रेट के साथ 319 रन बनाए हैं।

उन्होंने कोई वनडे अंतरराष्ट्रीय नहीं खेला है। अपने लिस्ट-A करियर में उन्होंने 29 पारियों में 870 रन बनाए हुए हैं।

ADVERTISEMENT