Page Loader
नीरज चोपड़ा ने की शादी, सोशल मीडिया पर खुद साझा की तस्वीरें
शादी के बंधन में बंधे नीरज चोपड़ा (तस्वीर: एक्स/@Neeraj_chopra1)

नीरज चोपड़ा ने की शादी, सोशल मीडिया पर खुद साझा की तस्वीरें

Jan 19, 2025
10:05 pm

क्या है खबर?

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शादी के बंधन में बंध गए हैं। 2 बार के ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी है। नीरज अपने व्यक्तिगत जीवन के बारे में ज्यादा बातें नहीं करते हैं और उन्होंने चुपचाप शादी करके सबको चौंका दिया है। उन्होंने अपनी शादी की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं। इसके बाद से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं।

पोस्ट 

नीरज ने लिखा ये संदेश

हिमानी से अपनी शादी की घोषणा करते हुए नीरज ने एक्स पर लिखा, 'जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की। हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं जिसने हमें इस पल तक साथ लाया।' स्पोर्टस्टार के मुताबिक, हिमानी मोर साउथईस्टर्न लुइसियाना यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त एक टेनिस खिलाड़ी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर टेनिस खेल चुकी हैं।

परिचय 

कौन हैं हिमानी मोर?

25 वर्षीय हिमानी सोनीपत की रहने वाली हैं और उन्होंने स्कूली शिक्षा सोनीपत के लिटिल एंजेल्स स्कूल से ली है। वह इस समय न्यू हैम्पशायर में फ्रैंकलिन पियर्स विश्वविद्यालय में खेल प्रबंधन (मेजर) में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही हैं। वह दिल्ली के मिरांडा हाउस की पूर्व छात्रा भी रही हैं, जहां से उन्होंने राजनीति विज्ञान और शारीरिक शिक्षा में स्नातक की डिग्री पूरी की। उनका एक भाई हिमांशु भी टेनिस खिलाड़ी है।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

उपलब्धि 

ओलंपिक में 2 पदक जीतने वाले चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शुमार हैं नीरज 

नीरज ओलंपिक खेलों में भारत के लिए 2 पदक (व्यक्तिगत स्पर्धा में) जीतने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं। एथलेटिक्स में उनसे पहले नॉर्मन प्रिचर्ड 2 रजत (पुरुषों की 200 मीटर और पुरुषों की 200 मीटर बाधा दौड़) जीत चुके हैं। कुश्ती में सुशील कुमार 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीत चुके हैं। बैडमिंटन में पीवी सिंधु 1 रजत और 1 कांस्य अपने नाम कर चुकी है, जबकि निशानेबाजी में मनु भाकर ने 2 कांस्य पदक जीते हैं।