LOADING...
लुसाने डायमंड लीग 2024 में नजर आएंगे नीरज चोपड़ा, जानें कब और कहां देखें लाइव मुकाबला
लुसाने डायमंड लीग 2024 में नजर आएंगे नीरज चोपड़ा (फाइल तस्वीर: एक्स/@Neeraj_chopra1)

लुसाने डायमंड लीग 2024 में नजर आएंगे नीरज चोपड़ा, जानें कब और कहां देखें लाइव मुकाबला

Aug 21, 2024
05:40 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में ऐतिहासिक रजत जीतने के कुछ दिनों बाद, भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा स्विट्जरलैंड में लुसाने डायमंड लीग में भाग लेने के लिए तैयार हैं। पेरिस खेलों में हिस्सा लेने वाले ज्यादातर भाला फेंक खिलाड़ी इस लीग में एक बार फिर नीरज के सामने अपनी चुनौती पेश करेंगे। हालांकि, पाकिस्तान के अरशद नसीम इसमें हिस्सा नहीं लेंगे। इस बीच नीरज के मुकाबले से जुड़ी जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

कार्यक्रम 

कब और कहां देखें नीरज का मुकाबला?

नीरज 22 अगस्त को भारतीय समयानुसार देर रात 12:12 बजे डायमंड लीग में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता का भारत में स्पोर्ट्स-18 नेटवर्क पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ-साथ जियो सिनेमा ऐप के जरिए भी लाइव प्रसारण देख सकते हैं। नीरज इस स्पर्धा में फिलहाल चौथे स्थान पर हैं और लुसाने में शीर्ष-6 में रहने के बाद ही ब्रुसेल्स में (अगले महीने) होने वाले डायमंड लीग फाइनल में क्वालीफाई कर सकते हैं।

पेरिस ओलंपिक 

पेरिस ओलंपिक में अरशद नदीम से पीछे रह गए थे नीरज

नीरज ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पाकिस्तान के अरशद ने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ जीता था। इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज अपने स्वर्ण का बचाव नहीं कर सके। अरशद ने नॉर्वे के एंड्रियास थोरकिल्डसन का ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2008 बीजिंग में 90.57 मीटर की दूरी तय की थी।

Advertisement

ओलंपिक 

2 ओलंपिक पदक वाले इन भारतीय खिलाड़ियों के साथ शामिल हुए थे नीरज 

नीरज ओलंपिक खेलों में भारत के लिए 2 पदक (व्यक्तिगत स्पर्धा में) जीतने वाले सिर्फ पांचवें खिलाड़ी बने थे। एथलेटिक्स में उनसे पहले नॉर्मन प्रिचर्ड 2 रजत (पुरुषों की 200 मीटर और पुरुषों की 200 मीटर बाधा दौड़) जीत चुके हैं। कुश्ती में सुशील कुमार 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीत चुके हैं। बैडमिंटन में पीवी सिंधु 1 रजत और 1 कांस्य अपने नाम कर चुकी है, जबकि निशानेबाजी में मनु भाकर ने 2 कांस्य पदक जीते हैं।

Advertisement

2022 

2022 में डायमंड लीग का फाइनल जीत चुके हैं नीरज 

सितंबर 2022 में नीरज ने डायमंड लीग का खिताब जीतकर नया इतिहास लिख दिया था। उन्होंने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 88.44 मीटर के थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। हर प्रतियोगिता के साथ नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले नीरज डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।

Advertisement