मुशफिकुर रहीम ने किया टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला, जानिए कब खेलेंगे आखिरी मुकाबला
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सबसे अनुभवी और दिग्गज बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने फरवरी 2027 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया है। बांग्लादेश की टीम फरवरी में 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड की मेजबानी करेगी, जिसके तहत मीरपुर में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के बाद मुशफिकुर अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लगा देंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
बयान
तमीम ने क्या दिया बयान?
BCB अध्यक्ष तमीम ने बताया कि मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले उन्हें फोन करके अपने इस निर्णय की जानकारी दे दी थी।
तमीम ने कहा, "मुशफिकुर रहीम इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने कई दिन पहले मुझे फोन किया था और अपने फैसले के बारे में बताया था। इसके बाद से मैं उनके साथ लगातार संपर्क में था। मैंने उनसे कहा था कि वह खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करें और इसकी घोषणा करें।"
अनुरोध
तमीक ने मुशफिकुर से किया था यह खास अनुरोध
तमीम ने आगे कहा, "मैंने उनसे यह भी अनुरोध किया था कि वह फेसबुक पर कोई स्टेटस पोस्ट न करें, क्योंकि वह बांग्लादेश क्रिकेट के एक बहुत ही महान सेवक रहे हैं और मैं इसे उचित तरीके से करना चाहता था।"
उन्होंने कहा, "मुशफिकुर के अनुरोध पर, उन्होंने मुझसे इसकी घोषणा करने को कहा था और उन्हीं के आग्रह पर मैं यह घोषणा कर रहा हूं कि इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट उनका आखिरी मैच होगा।"
विदाई
BCB देगा भव्य विदाई- तमीम
तमीम ने भावुक होते हुए कहा, "BCB की ओर से हम केवल उनका धन्यवाद ही कर सकते हैं और बांग्लादेश क्रिकेट के लिए दिए गए उनके योगदान को स्वीकार कर सकते हैं। वह कई क्रिकेटरों और बच्चों के लिए एक महान एंबेसडर और आदर्श रहे हैं। इसलिए BCB निश्चित रूप से मुशफिक के लिए एक बड़ा समारोह आयोजित करेगा। इसके अलावा समय के साथ कुछ अन्य चीजें भी होंगी, जिनके बारे में आप देख और जान सकेंगे।"
करियर
कैसा रहा है रहीम का टेस्ट करियर?
रहीम ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2005 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 108 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और इसकी 199 पारियों में करीब 40 की औसत से 7,062 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 14 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 219 रन का रहा है।
उन्होंने विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 115 कैच लपकने के अलावा 15 स्टम्प भी किए हैं।
संयोग
एक ही टीम के खिलाफ शुरुआत और अंत
दिलचस्प संयोग यह है कि मई 2005 में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ ही अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले 39 वर्षीय मुशफिकुर लगभग 2 दशक बाद इंग्लैंड के खिलाफ ही अपना अंतिम टेस्ट खेलेंगे।
वह बांग्लादेश के लिए 100 से अधिक टेस्ट मैच खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।
इससे पहले वह साल 2022 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बांग्लादेश के जल्दी बाहर होने के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।