मुंबई इंडियंस ने जुबिन भरूचा को बनाया नया 'डायरेक्टर ऑफ परफॉर्मेंस', जानिए क्या होगी जिम्मेदारी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) ने आगामी घरेलू और वैश्विक टी-20 सीजन से पहले अपने कोचिंग और स्काउटिंग ढांचे में बड़ा रणनीतिक बदलाव किया है। MI ने 56 वर्षीय जुबिन भरूचा को अपना नया 'डायरेक्टर ऑफ परफॉर्मेंस' नियुक्त किया है। इस नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य अपने खिताबी सूखे को समाप्त करना और युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए ऑफ-सीजन में सालभर चलने वाले विकास कार्यक्रमों को मजबूत करना है।
बयान
MI ने क्या जारी किया बयान?
MI ने अपनी आधिकारिक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, 'जुबिन भरूचा 'डायरेक्टर ऑफ परफॉर्मेंस' के रूप में MI से जुड़ रहे हैं। वह MI इकोसिस्टम के भीतर सभी परफॉर्मेंस विभागों में मौजूदा बहु-विषयक नेतृत्व समूह के साथ मिलकर काम करेंगे।'
बयान के अनुसार, 'जुबिन MI के अत्यधिक एकीकृत इकोसिस्टम के भीतर वर्तमान सहयोगी स्टाफ में शामिल होंगे और खिलाड़ी विकास में निरंतर उत्कृष्टता प्रदान करने के MI के स्थापित दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।'
भूमिका
क्या रहेगी जुबिन की भूमिका?
जुबिन को मुख्य रूप से गैर-सीजन के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का विशेष जिम्मा सौंपा गया है।
वह मुंबई में स्थित MI के मुख्य हब पर सहायक कोच पारस म्हाम्ब्रे के साथ मिलकर काम करेंगे।
वह मुख्य कोच महेला जयवर्धने, बल्लेबाजी कोच किरोन पोलार्ड और गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा के साथ मिलकर काम करेंगे।
उनका मुख्य ध्यान ऑफ-सीजन कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ाने और स्काउटिंग नेटवर्क को मजबूत करने पर होगा।
अनुभव
जुबिन का करियर और अनुभव
जुबिन मुंबई से रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं। उन्होंने 17 प्रथम श्रेणी मैच और 11 लिस्ट-A मुकाबले खेल हैं। वह इंग्लैंड में सरे के लिए भी खेला चुके हैं।
वह 2008 से 2015 तक राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ टीम डायरेक्टर, 2016 और 2017 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ टेक्निकल डायरेक्टर और 2019 से 2026 तक RR के साथ बतौर डायरेक्टर हाई परफॉर्मेंस के रूप में भी काम कर चुके हैं।
अब उन्हें MI ने अपने साथ जोड़ा है।