LOADING...
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान 50 मैचों के बाद सर्वाधिक जीत हासिल करने वाले खिलाड़ी
शानदार रही है सूर्यकुमार की कप्तानी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बतौर कप्तान 50 मैचों के बाद सर्वाधिक जीत हासिल करने वाले खिलाड़ी

Mar 03, 2026
02:24 pm

क्या है खबर?

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक कुछ सफल कप्तान साबित हुए हैं। अगर भारतीय कप्तानों की बात करें तो महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा टीम को टी-20 विश्व कप जितवा चुके हैं। मौजूदा भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भी टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने बतौर कप्तान अपने 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिए हैं। इस बीच विश्व के उन कप्तानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने 50 मैचों के बाद सर्वाधिक जीत हासिल की है।

#1 

सूर्यकुमार यादव (40 जीत)

सूर्यकुमार के नेतृत्व में भारत ने अब तक 40 टी-20 मैच जीते (जिसमें सुपर ओवर भी शामिल) हैं और 8 में शिकस्त का सामना किया है। इस बीच 2 मुकाबले भारतीय टीम के बेनतीजा भी रहे हैं। उन्होंने कप्तानी करते हुए बल्लेबाजी में 47 पारियों में 29.78 की औसत और 154.94 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,221 रन बनाए। इस बीच उन्होंने एक शतक और 8 अर्धशतक भी अपने नाम किए।

#2 

असगर अफगान (40 जीत)

असगर अफगान ने अपने शुरुआती 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में से 40 में जीत हासिल की थी। वह अफगान टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक थे। उन्होंने कुल 52 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में टीम का नेतृत्व किया था, जिसमें से टीम ने 42 मैच जीते और 10 में हार का सामना किया था। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में इस बल्लेबाज ने 68 पारियों में 21.93 की औसत से 1,382 रन बनाए थे।

Advertisement

#3 

रोहित शर्मा (39 जीत)

रोहित की कप्तानी में शुरुआती 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से भारत ने 39 जीत दर्ज की थी। रोहित टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने 62 मैच में कप्तानी की थी। इस दौरान 49 मुकाबलों में टीम को जीत मिली और सिर्फ 12 मैच में भारतीय टीम हारी, 1 मैच टाई रहा। उनका जीत प्रतिशत 79.03 का रहा। उनके नेतृत्व में भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 जीता था।

Advertisement

#4 

विराट कोहली (32 जीत)

विराट कोहली ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2017 से 2021 तक कप्तानी की थी। इस दौरान टीम ने 50 मुकाबले खेले, जिसमें से 32 मैच में जीत (सुपर ओवर सहित) और 16 मुकाबलों में हार (बेनतीजा-2) मिली थी। कोहली ने सिर्फ 1 टी-20 विश्व कप (2021) में भारतीय टीम की कप्तानी की। उस संस्करण में टीम ने 5 मुकाबले खेले थे और 3 मैच जीतकर सेमीफाइनल में नहीं पहुंची थी।

Advertisement