टी-20 विश्व कप: न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 का आगाज 1 जून को होगा। इस बार यह टूर्नामेंट अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
बल्लेबाजों के लिए वेस्टइंडीज की सरजमीं पर रन बनाना इतना आसान नहीं होगा।
वहां की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती है। ऐसे में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के गेंदबाज अन्य बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकते हैं।
आइए उन कीवी गेंदबाजों के बार में जानते हैं, जिन्होंने टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।
#1
टिम साउथी
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउथी न्यूजीलैंड के लिए टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने साल 2010 के विश्व कप में पहला मुकाबला खेला था।
इस खिलाड़ी ने 22 मैच की 22 पारियों में 21 की औसत और 7.59 की इकॉनमी रेट के साथ 29 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/6 का रहा है।
साउथी 2024 में भी यह टूर्नामेंट खेलने को तैयार हैं। उनका चयन न्यूजीलैंड की टीम में हो गया है।
#2
ट्रेंट बोल्ट
तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के इस स्टार खिलाड़ी ने पहला टी-20 विश्व कप मैच साल 2014 में खेला था।
उन्होंने 14 मैच की 14 पारियों में 14.64 की औसत से 25 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 6.57 की रही है। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल भी अपने नाम किया है और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/13 का रहा है।
इस खिलाड़ी का भी चयन कीवी टीम में किया गया है।
#3
ईश सोढ़ी
न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर लेग स्पिनर ईश सोढ़ी हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला साल 2016 में खेला था।
इस खिलाड़ी ने 17 मैच की 17 पारियों में 17.76 की औसत और 7.04 की इकॉनमी रेट से 25 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/18 का रहा है।
ईश आखिरी बार साल 2022 में खेले गए टी-20 विश्व कप का भी हिस्सा थे।
#4
नाथन मैकुलम
न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी नाथन मैकुलम अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने 22 मैच की 20 पारियों में 17.34 की औसत और 5.94 की इकॉनमी रेट से 23 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/15 का रहा था।
इस खिलाड़ी ने अपना पहला टी-20 विश्व कप मुकाबला साल 2007 में खेला था। आखिरी बार वह 2016 के विश्व कप में नजर आए थे।