Page Loader
IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के शीर्ष-5 बल्लेबाजों पर एक नजर 
विराट कोहली ने RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं (तस्वीर: एक्स/@imVkohli)

IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के शीर्ष-5 बल्लेबाजों पर एक नजर 

Mar 01, 2024
01:25 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है। एक बार फिर इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी। टीम के कप्तान अनुभवी खिलाड़ी फाफ डु प्लेसिस हैं। पिछले सीजन RCB छठे स्थान पर रही थी। विराट कोहली, कैमरून ग्रीन और ग्लेन मैक्सवेल जैसे स्टार खिलाड़ी टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसे में आइए टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष-5 बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

विराट कोहली 

RCB के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज कोहली इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह साल 2008 से ही इस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक 252 मैच खेले हैं और इसकी 243 पारियों में 37.31 की औसत से 7,687 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 130.99 की रही है। उनके बल्ले से 7 शतक और 52 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113 रन रहा है।

#2

एबी डिविलियर्स

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स RCB के लिए साल 2011 से 2021 तक खेले थे। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 157 मैच की 145 पारियों में 41.1 की औसत और 158.33 की स्ट्राइक रेट से 4,522 रन बनाने में कामयाब रहे थे। उनकी स्ट्राइक रेट 158.33 की थी। उनके बल्ले से 2 शतक और 37 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 133 रन रहा था।

#3

क्रिस गेल 

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल साल 2011 से 2017 तक RCB का हिस्सा रहे थे। उस दौरान उनका बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने 91 मैच की 90 पारियों में 43.29 की औसत और 154.4 की शानदार स्ट्राइक रेट से 3,420 रन बनाने में कामयाब रहे थे। उनके बल्ले से 5 शतक और 21 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रन रहा था। वह RCB के लिए रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर थे।

#4

जैक्स कैलिस

दक्षिण अफ्रीका के एक और पूर्व धुरंधर खिलाड़ी जैक्स कैलिस साल 2008 से 2010 तक RCB की टीम का हिस्सा रहे थे। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 46 मैच की 46 पारियों में 33.44 की औसत और 113.17 की स्ट्राइक रेट से 1,271 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 रन था।

#5

ग्लेन मैक्सवेल 

मैक्सवेल को RCB ने साल 2021 के सीजन में अपने साथ जोड़ा था। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए 42 मैच खेले हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवे स्थान पर आ गए हैं। उनके बल्ले से 42 मैच की 41 पारियों में 34.68 की औसत से 1,214 रन निकले हैं। उन्होंने 12 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 78 रन रहा है। वह 6 बार RCB के लिए खेलते हुए नाबाद भी रहे हैं।