Page Loader
रोहित ने रचा इतिहास, विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान बने 
अर्धशतक से चूके रोहित शर्मा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

रोहित ने रचा इतिहास, विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान बने 

Nov 19, 2023
03:06 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने तूफानी पारी खेली। हालांकि, वह अर्धशतक से चूक गए। रोहित ने 151.61 की स्ट्राइक रेट से 31 गेंदों पर 47 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके साथ रोहित विश्व कप के एक संस्करण में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन (597) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने केन विलियमसन को पीछे छोड़ दिया है।

आंकड़े

दूसरे नंबर पर केन विलियमसन

विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अन्य कप्तानों की बात करें तो इस सूची में दूसरे नंबर पर विलियमसन हैं। उन्होंने 2019 विश्व कप में 578 रन बनाए थे। इससे पहले 2007 विश्व में महेला जयवर्धने ने 548 और रिकी पोंटिंग ने 539 रन बनाए थे। 2019 विश्व कप में ही एरोन फिंच ने 507 रन बनाए थे। रोहित विश्व कप 2023 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

प्रदर्शन

टूर्नामेंट में रोहित का प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ रोहित खाता तक नहीं खोल सके थे। उसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 131 रन की तूफानी पारी खेली थी। पाकिस्तान के विरुद्ध उन्होंने 86, बांग्लादेश के खिलाफ 48, न्यूजीलैंड के खिलाफ 46, इंग्लैंड के खिलाफ 87 और श्रीलंका के खिलाफ 4 रन बनाए थे। इसी तरह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 40 और नीदरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच में 61 रन जड़े थे। सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 47 रन जड़े।