Page Loader
भारत बनाम बांग्लादेश, टेस्ट सीरीज: सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर एक नजर 
सूची में पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं (तस्वीर: एक्स/@imVkohli)

भारत बनाम बांग्लादेश, टेस्ट सीरीज: सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर एक नजर 

Sep 11, 2024
05:00 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बीच 19 सितंबर से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है। भारत के कप्तान रोहित शर्मा होंगे और बांग्लादेश की कमान नजमुल हुसैन शांतो संभालेंगे। दोनों टीमों के बीच भले ही भारत का पलड़ा भारी रहा हो, लेकिन हाल ही में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 2-0 से हराया था। इस बीच आइए जानते हैं उन भारतीय बल्लेबाजों के बारे में, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

#1

सचिन तेंदुलकर (820 रन) 

भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ पहला टेस्ट साल 2000 में खेला था। आखिरी बार वह 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 7 टेस्ट की 9 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 820 रन बनाए थे। उनकी औसत 136.66 की रही थी। उनके बल्ले से 5 शतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 248* रन रहा था।

#2

राहुल द्रविड़ (560 रन)

इस सूची में दूसरे स्थान पर भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कोच राहुल द्रविड़ हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला टेस्ट साल 2000 में खेला था। आखिरी बार वह इस टीम के खिलाफ साल 2010 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 7 मैच की 10 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 560 रन बनाए थे। उनकी औसत 70 की रही थी और उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 160 रन था।

#3

चेतेश्वर पुजारा (468 रन) 

भारत के स्टार टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का बल्ला बांग्लादेश के खिलाफ खूब चलता है। इस खिलाड़ी ने उनके खिलाफ साल 2017 में पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह बांग्लादेश के खिलाफ 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। वह 5 मैच की 8 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 468 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 102* रन रहा है।

#4

विराट कोहली (437 रन) 

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ पहला टेस्ट 2015 में खेला था। इस खिलाड़ी ने 6 मैचों की 9 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 437 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 204 रन रहा है। कोहली इस टेस्ट सीरीज में अपना रिकॉर्ड बेहतर करना चाहेंगे।