Page Loader
विराट कोहली एक विश्व कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले सक्रिय बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े
विराट कोहली ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

विराट कोहली एक विश्व कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले सक्रिय बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े

Nov 12, 2023
04:25 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 45वें मुकाबले में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 91.07 की स्ट्राइक रेट से 56 गेंदों पर 51 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके साथ विराट एक विश्व कप संस्करण में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर (7) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनके अलावा सचिन तेंदुलकर (2003) और शाकिब अल हसन (2019) ने यह कारनामा किया था।

प्रदर्शन

मौजूदा विश्व कप में विराट का प्रदर्शन

टूर्नामेंट में विराट का शानदार प्रदर्शन जारी है। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 85 रन की पारी खेली थी। अफगानिस्तान के खिलाफ वह 55 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के खिलाफ वह सिर्फ 16 रन ही बना सके थे। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 103*, न्यूजीलैंड के खिलाफ 95 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के खिलाफ उनका खाता नहीं खुला था। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 88 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 101* रन बनाए थे।

प्रदर्शन

वनडे में विराट कोहली का प्रदर्शन

विराट का वनडे क्रिकेट करियर में प्रदर्शन बेहद ही शानदार रहा है। उन्होंने 18 अगस्त, 2008 को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दांबुला में अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 290 वनडे की 278 पारियों में 58.45 की औसत से 13,677 रन बना चुके हैं। इस प्रारूप में 183 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। उन्होंने 49 शतक और 71 अर्धशतक लगाए हैं। वनडे क्रिकेट में कोहली 44 बार नाबाद भी रहे हैं।