मिताली राज ने रचा इतिहास, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला बनी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वनडे कप्तान मिताली राज ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाली दुनिया की दूसरी और भारत की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इस उपलब्धि को हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। मिताली ने लखनऊ के अटल विहारी बाजपेयी एकाना स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे तीसरे वनडे के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया है।
इंग्लैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर चार्लोट एडवर्ड्स (10,273) ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाए हैं। एडवर्ड्स ने 23 टेस्ट में 1,676, 191 वनडे में 5,992 और 95 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,605 रन बनाए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले मिताली को 10,000 रन पूरे करने के लिए 85 रनों की जरूरत थी। पहले वनडे में उन्होंने 50 रनों की पारी खेली थी, लेकिन भारत को मैच गंवाना पड़ा था। भारत ने दूसरे वनडे में नौ विकेट ले जीत दर्ज की थी और इसी कारण मिताली को बल्लेबाजी करने का मौका ही नहीं मिला था। अब तीसरे मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर ली है।
पारी के 28वें ओवर में मिलाती ने चौका लगाकर यर रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, अगली ही गेंद पर वह आउट भी हो गईं। मिताली ने मैच में 50 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली जिसमें पांच चौके शामिल रहे।
212 वनडे खेल चुकी मिताली 200 या उससे अधिक वनडे मैच खेलने वाली इकलौती महिला क्रिकेटर हैं। वह (6,951) महिला वनडे में 6,000 या उससे अधिक रन बनाने वाली भी इकलौती महिला क्रिकेटर हैं। 54 अर्धशतक लगा चुकी मिताली महिला वनडे में 50 या उससे अधिक अर्धशतक लगाने वाली भी इकलौती महिला क्रिकेटर हैं। महिला वनडे में वह (54) सबसे अधिक बार नाबाद रहने वाली क्रिकेटर भी हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के अपने चौथे दशक में खेल रही मिताली ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। 1999 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रही मिताली का यह चौथा दशक है। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 21 साल और 259 दिनों का हो गया है। सबसे लंबे अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर के मामले में वह केवल सचिन तेंदुलकर (22 साल और 91 दिन) से ही पीछे रह गई हैं। पहले वनडे के दौरान उन्होंने सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ा था।